जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की शानदार जीत, सेमीफाइनल में बनाई जगह
चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दम; लगातार तीन मैच जीतकर किया अंतिम चार में प्रवेश
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। इसमें जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमदार प्रदर्शन किया।
आयुष की 77 रन की पारी से जेएमएस ने खड़ा किया 265 रन का विशाल स्कोर
पहले मुकाबले में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 265 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष ने 77, सूर्यांश ने 58, श्रेष्ठ ने 48 और तलहा ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। ऋषभ एकेडमी स्कूल की ओर से शिव, अहद और कुश ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि हिमांशु ने भी दो बल्लेबाजों को आउट किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ एकेडमी की टीम 19.3 ओवर में 216 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से अभिजीत ने 77, शिवम और अहद ने 40-40 रन बनाए। जेएमएस की ओर से श्रेष्ठ और तलहा ने तीन-तीन विकेट झटके। वीर ने दो, जबकि हर्षित और आयुष ने एक-एक विकेट लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए आयुष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में जेएमएस वर्ल्ड हापुड़ की जीत
दूसरे मैच में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.3 ओवर में 122 रन बनाए। टीम की ओर से वीर ने 33, तलहा ने 28 और हर्षित ने 25 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से आदित्य ने चार, शिव ने तीन और शिवांश ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दीवान पब्लिक स्कूल की टीम सात विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। जेएमएस की ओर से श्रेष्ठ, हर्षित और तलहा ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।
लगातार तीन जीत से सेमीफाइनल में पहुंची टीम
क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ की टीम ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। उन्होंने बताया कि सोमवार से टूर्नामेंट में ग्रुप-बी के मुकाबले शुरू होंगे। इसमें रुद्रा इंटरनेशनल, गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल और शार्पेन स्कूल सहित कई टीमें हिस्सा लेंगी।


No comments:
Post a Comment