प्रतिकर और प्लॉट की मांग को लेकर किसानों का मेडा पर अनिश्चितकालीन धरना
किसानों ने लगाया दोहरी नीति अपनाने का आरोप, कहा- ‘प्रतिकर नहीं तो वोट नहीं’
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की गंगानगर, वेदव्यासपुरी एवं डॉ. राममनोहर लोहिया नगर आवासीय योजनाओं से प्रभावित किसानों ने बढ़े हुए प्रतिकर के बदले अवशेष विकसित भूखंड और चेक नहीं मिलने के विरोध में प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने मेडा पर वादाखिलाफी और दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए ‘प्रतिकर नहीं तो वोट नहीं’ का नारा दिया।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि शताब्दीनगर आवासीय योजना की तर्ज पर गंगानगर, गंगानगर विस्तार (42 एकड़), वेदव्यासपुरी एवं डॉ. राममनोहर लोहिया नगर योजनाओं के किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर देने पर पूर्व में सहमति बनी थी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति की 22 मई 2015 की रिपोर्ट के अनुपालन में एक जुलाई 2015 को तत्कालीन मेडा सचिव की अध्यक्षता में किसानों के साथ वार्ता कर समझौते की शर्तें तय की गई थीं। इसमें धनराशि अथवा विकसित भूखंड देने पर सहमति बनी थी, लेकिन किसानों के अनुसार आज तक समझौते का शत-प्रतिशत पालन नहीं किया गया।
किसानों ने बताया कि 28 सितंबर 2016 को हुई प्राधिकरण की 107वीं बोर्ड बैठक में अतिरिक्त प्रतिकर देने संबंधी प्रस्ताव पर सहमति दी गई थी। इसके बाद किसानों से समझौता फॉर्म भरवाए गए और कई दौर की वार्ता हुई। इस प्रक्रिया में कुछ छोटे किसानों को 2 करोड़ 81 लाख 68 हजार रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन बड़े किसानों को अब तक विकसित भूखंड अथवा भुगतान नहीं मिला है। कुछ छोटे किसान भी अभी भुगतान से वंचित हैं।
किसानों ने शासन के 26 मई 2005 के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि अतिरिक्त प्रतिकर के भुगतान के संबंध में प्राधिकरण बोर्ड स्वयं निर्णय लेने में सक्षम है। समझौते की शर्तों के अनुसार न्यायालय में विचाराधीन मामलों अथवा अपनी भूमि पर कब्जा नहीं देने वाले किसानों पर समझौता लागू नहीं होना था। शेष किसान इन शर्तों से सहमत हैं। ऐसे में पात्र किसानों को भुगतान और विकसित भूखंड देने में देरी का कोई औचित्य नहीं है।
किसानों ने मांग की कि पूर्व में लिए गए बोर्ड निर्णयों और समझौते की शर्तों का पालन करते हुए सभी पात्र किसानों को उनका बकाया प्रतिकर एवं अवशेष विकसित भूखंड दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। किसानों ने कहा कि अपने हक की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए उनका नारा रहेगा- ‘प्रतिकर नहीं तो वोट नहीं।’



No comments:
Post a Comment