नेशनल कॉन्फ्रेंस में बगावत की आहट, 20 विधायकों ने फारूक अब्दुल्ला को सौंपा बदलाव का मांगपत्र
उमर सरकार के मंत्रियों को हटाने की मांग, सलाहकार नासिर वानी पर भी उठाए सवाल; अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली के लिए दबाव
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) में अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार और पार्टी संगठन के कामकाज से नाराज करीब 18 से 20 विधायकों ने बदलाव का मोर्चा खोल दिया है। असंतुष्ट विधायकों ने पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला को ज्ञापन सौंपकर संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव और मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने की मांग की है।
विधायकों ने स्पष्ट किया है कि वे पार्टी के बागी नहीं हैं, लेकिन मौजूदा नेतृत्व और कार्यशैली से नाराज जरूर हैं। उनका कहना है कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जवाबदेही तय करना और सामूहिक नेतृत्व को बढ़ावा देना जरूरी है। पार्टी को कुछ चुनिंदा लोगों की निजी जागीर नहीं बनने दिया जा सकता।
पुराने मंत्रियों की छुट्टी कर नए चेहरों को मिले मौका
असंतुष्ट विधायकों ने मंत्रिमंडल में व्यापक फेरबदल की मांग उठाई है। उनकी मांग है कि उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी समेत सभी पुराने मंत्रियों को हटाकर नए विधायकों को सरकार में जिम्मेदारी दी जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी को तत्काल पद से हटाने की मांग भी की गई है। विधायकों का सवाल है कि चुनाव हारने के बावजूद उन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर दर्जा और सुविधाएं क्यों दी जा रही हैं।
370 और 35ए की बहाली को लेकर भी दबाव
विधायकों ने पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को पूरी तरह लागू करने की मांग की है। इसमें अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली के लिए प्रभावी प्रयास करने पर विशेष जोर दिया गया है। उनका मानना है कि पार्टी को जनता से किए गए चुनावी वादों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बढ़ी खींचतान
पार्टी में असंतोष मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल के बाद और गहरा गया। मुबारक गुल, लारमी और नजीर गुरेजी जैसे नेताओं की नाराजगी भी सामने आई। नाराजगी दूर करने के लिए फारूक अब्दुल्ला ने मुबारक गुल को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया था, लेकिन असंतुष्ट विधायकों की बैठक के बाद महज दो दिन में ही उन्हें इस पद से हटा दिया गया। इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर जारी खींचतान को और हवा दे दी।
रुहुल्लाह मेहदी के इस्तीफे से बढ़ी मुश्किल
नेशनल कॉन्फ्रेंस को एक और बड़ा झटका श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी के इस्तीफे के ऐलान से लगा है। उन्होंने तीन नवंबर को सांसद पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की घोषणा की। प्रभावशाली शिया धर्मगुरु के रूप में पहचान रखने वाले रुहुल्लाह मेहदी और अब्दुल्ला परिवार के बीच पिछले करीब एक साल से टकराव की स्थिति बताई जा रही है।
एक तरफ पार्टी के वरिष्ठ विधायक नेतृत्व और मंत्रिमंडल में बदलाव का दबाव बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रभावशाली नेताओं की नाराजगी ने उमर अब्दुल्ला के सामने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर नई चुनौती खड़ी कर दी है।


No comments:
Post a Comment