2027 के चुनावी रण की तैयारी पर मेरठ में मंथन, निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त पहुंचे

चार मंडलों के 18 जिलों के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक शुरू, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद; कमियों और चुनावी व्यवस्थाओं का होगा आकलन

मेरठ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार मंडलों के 18 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक शुरू हो गई। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप सिंह रिणवा बैठक में मौजूद हैं।

बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडलों के अधिकारी अपने-अपने जिलों की तैयारियों का प्रेजेंटेशन देंगे। आयोग के अधिकारी चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

चार मंडलों के कमिश्नर और 18 जिलों के अधिकारी शामिल

समीक्षा बैठक में चारों मंडलों के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस आयुक्त, आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े नोडल अधिकारी भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

पिछले चुनाव की चुनौतियों पर भी होगी चर्चा

बैठक में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आई चुनौतियों और मौजूदा परिस्थितियों के आधार पर तैयारियों का आकलन किया जाएगा। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, चुनावी संसाधन और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के साथ कमियों को चिह्नित किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी जिलों की तैयारियों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं में सुधार और कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश देंगे। पश्चिमी यूपी के 18 जिलों की यह समीक्षा बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts