जेल से रिहाई के 40 मिनट बाद ED ने किया गिरफ्तार, अब आजम खान ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती

गिरफ्तारी और 14 दिन की न्यायिक हिरासत के आदेश को रद्द करने की मांग, CJI सूर्यकांत की पीठ इसी सप्ताह करेगी सुनवाई

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहाई के महज 40 मिनट बाद हुई गिरफ्तारी और गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत की ओर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश को चुनौती दी है। उनकी याचिका पर इसी सप्ताह सुनवाई हो सकती है।

सोमवार को आजम खान के वकील निजाम पाशा ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष मामला रखा और जल्द सुनवाई की मांग की। इस पर सीजेआई ने याचिका को इसी सप्ताह सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।

रिहाई के तुरंत बाद ED ने किया था गिरफ्तार

आजम खान को 29 अक्टूबर को दोहरे पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इसके बाद 31 अक्टूबर को वह रामपुर जिला जेल से बाहर आए। हालांकि, रिहाई के करीब 40 मिनट बाद ही ईडी ने उन्हें जौहर यूनिवर्सिटी और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया।

एक नवंबर को ईडी ने आजम खान को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया था। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अब आजम खान ने सुप्रीम कोर्ट में गिरफ्तारी की वैधता के साथ ही न्यायिक हिरासत के आदेश को भी चुनौती दी है।

348 दिन जेल में रहने के बाद मिली थी जमानत

आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को दोहरे पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर 2025 को सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद दोनों को रामपुर जिला जेल भेज दिया गया था। करीब 348 दिन जेल में रहने के बाद 29 अक्टूबर 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोनों की सजा निलंबित करते हुए जमानत मंजूर की थी।

इससे पहले 20 अप्रैल 2026 को सेशन कोर्ट ने उनकी अपील खारिज करते हुए सजा बरकरार रखी थी। अब ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ आजम खान की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts