INDIA गठबंधन की रैली पर BJP का दुष्प्रचार बेअसर, जयराम रमेश बोले- दिल्ली के बाजारों में खूब हुई खरीदारी
व्यापारियों के नुकसान और बाजार बंद होने की आशंका को बताया भ्रामक, बोले- वोट के अधिकार की लड़ाई के साथ कारोबार को भी दिया बढ़ावा
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की एक नवंबर को हुई महारैली के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा की ओर से रैली को लेकर उठाए गए सवालों पर कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि रैली के कारण दिल्ली के व्यापारियों को कोई नुकसान नहीं हुआ, बल्कि देशभर से आए लोगों ने बाजारों में खरीदारी की और स्थानीय कारोबार को फायदा पहुंचाया।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के साथ अखबार की रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि भाजपा ने रैली को बदनाम करने और लोगों को दिल्ली आने से रोकने के लिए बाजार बंद होने तथा कारोबार ठप होने का डर फैलाया था। उन्होंने इसे भाजपा का दुष्प्रचार बताते हुए कहा कि रैली में शामिल होने आए लोगों ने दिल्ली के बाजारों में खरीदारी भी की।
वोट चोरी के मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि भाजपा का मकसद वोट चोरी और चुनाव आयोग की जवाबदेही जैसे मुद्दों से देश का ध्यान हटाना था। उन्होंने कहा कि लोगों को महारैली में शामिल होने से हतोत्साहित करने के लिए व्यापारियों के नुकसान का नैरेटिव तैयार किया गया, लेकिन इसका अपेक्षित असर नहीं हुआ।
पुरानी दिल्ली के बाजारों में खरीदारी का दावा
कांग्रेस नेता के मुताबिक, राहुल गांधी की अपील पर रैली में आए लोगों ने पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों में खरीदारी की। उन्होंने दावा किया कि बाजारों में दुकानें खुली रहीं और छोटे दुकानदारों तथा रेहड़ी-पटरी वालों से भी लोगों ने सामान खरीदा। इससे कारोबारियों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ हुआ।
व्यापारियों और दुकानदारों का जताया आभार
जयराम रमेश ने दिल्ली के व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने लोकतांत्रिक विरोध में भागीदारी के साथ स्थानीय कारोबार का भी समर्थन किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र की आवाज को डर और दुष्प्रचार से दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने अपने बयान में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अपने वोट के अधिकार की रक्षा भी करेगी, कारोबार भी चलाएगी और जवाबदेही भी मांगेगी। गौरतलब है कि रामलीला मैदान में हुई INDIA गठबंधन की महारैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत गठबंधन के कई नेताओं ने चुनाव आयोग की जवाबदेही और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा था।


No comments:
Post a Comment