गन्ने का भाव 700 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, पानी की टंकी पर चढ़े किसान

अलीपुर मोरना में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, राज्यमंत्री दिनेश खटीक और गन्ना समिति चेयरमैन से लिखित आश्वासन मिलने तक नीचे उतरने से इनकार

मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव अलीपुर मोरना में बुधवार को किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थित पानी की टंकी पर शौकीन, बालू और आजाद समेत कई किसान चढ़ गए। किसानों ने टंकी पर ही अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान करते हुए प्रशासन में खलबली मचा दी।

किसानों की सबसे प्रमुख मांग गन्ने का भाव बढ़ाकर 700 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की है। उनका कहना है कि गन्ना मिलों का संचालन शुरू होने से पहले ही सरकार नए पेराई सत्र के लिए गन्ने के भाव की घोषणा करे, ताकि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

बकाया भुगतान ब्याज सहित करने की मांग

आंदोलनकारी किसानों ने गन्ने के पुराने बकाया भुगतान का ब्याज सहित भुगतान कराने और समाज में किसानों को उचित सम्मान देने की मांग भी उठाई है। किसानों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन करने का निर्णय लिया।

राज्यमंत्री से लिखित आश्वासन पर अड़े किसान

बुधवार सुबह करीब 10 बजे टंकी पर चढ़े किसानों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक राज्यमंत्री दिनेश खटीक और गन्ना समिति के चेयरमैन विनोद भाटी मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों को पूरा कराने का लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे।

थानाध्यक्ष ने समझाने का किया प्रयास

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाकर टंकी से नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन किसानों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, किसानों के टंकी पर चढ़ने से पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts