डायलिसिस से खेल के मैदान तक पहुंचे खिलाड़ी, नेशनल ट्रांसप्लांट गेम्स में जीते पदक
न्यूटिमा हॉस्पिटल के किडनी ट्रांसप्लांट मरीजों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर पेश की मिसाल
मेरठ। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद जिंदगी थमती नहीं, बल्कि नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ती है। इसका शानदार उदाहरण न्यूटिमा हॉस्पिटल मेरठ के किडनी ट्रांसप्लांट मरीजों ने पेश किया है। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित नेशनल ट्रांसप्लांट गेम्स-2026 में अस्पताल के मरीजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में मोहम्मद सैफी ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। आदित्य ने 100 और 500 मीटर दौड़ में दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं हर्ष चौधरी ने कैरम प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में न्यूटिमा के करीब 11 सदस्यीय ट्रांसप्लांट मरीजों की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक जीता। टीम में नसीम सहित अन्य खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कबड्डी में कमल और आशीष ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जबकि रस्साकशी में भी अस्पताल की टीम उपविजेता रही।
खास बात यह है कि इन खिलाड़ियों में कई ऐसे हैं, जो कभी किडनी फेल्योर और डायलिसिस की कठिनाइयों से जूझ रहे थे। आज वही खिलाड़ी दौड़, क्रिकेट, कैरम और अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धि उन किडनी मरीजों के लिए प्रेरणा बनी है, जो ट्रांसप्लांट के बाद सामान्य जीवन जीने को लेकर आशंकित रहते हैं।
इस उपलब्धि पर न्यूटिमा हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने कहा कि ट्रांसप्लांट मरीज ही अस्पताल की सबसे बड़ी उपलब्धि और प्रेरणा हैं। जो मरीज कभी डायलिसिस मशीन पर निर्भर थे, आज वे खेल के मैदान में उतरकर पदक जीत रहे हैं। यह उनकी व्यक्तिगत सफलता के साथ देशभर के किडनी मरीजों के लिए उम्मीद का संदेश है। उन्होंने योग्य मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर किडनी ट्रांसप्लांट के विकल्प पर विचार करने की सलाह दी।
डॉ. गर्ग ने कहा कि ट्रांसप्लांट की सफलता केवल लैब रिपोर्ट और क्रिएटिनिन के स्तर से नहीं मापी जा सकती, बल्कि मरीज का दोबारा परिवार, समाज और अपनी पसंद की गतिविधियों से जुड़ना ही इसकी वास्तविक सफलता है। नियमित दवाओं, चिकित्सकीय देखभाल, फॉलोअप और स्वस्थ जीवनशैली से ट्रांसप्लांट प्राप्तकर्ता सक्रिय जीवन जी सकते हैं।
न्यूटिमा हॉस्पिटल प्रबंधन ने सभी पदक विजेताओं, प्रतिभागियों, अंगदाताओं, उनके परिजनों और ट्रांसप्लांट टीम को बधाई दी। इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और उचित चिकित्सा देखभाल के साथ ट्रांसप्लांट के बाद भी जिंदगी नई उड़ान भर सकती है।


No comments:
Post a Comment