नमो भारत बनी मेरठ वालों की पहली पसंद, दिल्ली में दीपावली शॉपिंग के लिए रोजाना उमड़ रहे सवा लाख यात्री
सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़े 15 हजार यात्री, जाम से बचकर कम समय में दिल्ली पहुंच रहे लोग; कारोबारियों को भी मिल रहा फायदा
मेरठ। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही दिल्ली के बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ गई है। कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावटी वस्तुएं और उपहार खरीदने के लिए मेरठ और आसपास के शहरों से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस बार त्योहारी खरीदारी के लिए नमो भारत ट्रेन लोगों की पहली पसंद बनकर उभरी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नमो भारत से रोजाना सफर करने वालों का आंकड़ा 1.25 लाख के पार पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या करीब 1.10 लाख रहती है।
रोजाना 15 हजार यात्रियों का इजाफा
दीपावली के चलते नमो भारत में प्रतिदिन करीब 15 हजार अतिरिक्त यात्री सफर कर रहे हैं। दिल्ली तक तेज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलने से लोगों को सड़क पर लगने वाले जाम और लंबी दूरी की थकान से राहत मिल रही है। लोग सुबह खरीदारी के लिए दिल्ली रवाना होते हैं और शाम तक सामान लेकर आसानी से मेरठ लौट आते हैं।
कारोबारियों के लिए भी बनी सहूलियत
नमो भारत का फायदा सिर्फ आम यात्रियों को ही नहीं, बल्कि व्यापारियों को भी मिल रहा है। आबूलेन व्यापार संघ के महामंत्री राजवीर सिंह के अनुसार, मेरठ के व्यापारी दिल्ली के बाजारों और थोक व्यापार केंद्रों में जाकर सामान की गुणवत्ता और कीमतों की जानकारी लेते हैं। इसके बाद ऑर्डर देकर पार्सल डिलीवरी वाहनों के माध्यम से माल मंगवा लेते हैं। इससे हर बार बड़े वाहन लेकर दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ती और समय की भी बचत होती है।
शारदा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष शर्मा ने बताया कि नमो भारत से दिल्ली पहुंचना आसान होने के कारण व्यापारी कम समय में कई दुकानों और सप्लायरों से संपर्क कर पा रहे हैं। इससे खरीदारी और कारोबार की योजना बनाने में भी सुविधा मिल रही है।
दूसरे शहरों से लौट रहे युवाओं को भी राहत
दीपावली पर बेंगलुरु, पुणे और मुंबई जैसे शहरों में नौकरी करने वाले युवा भी घर लौट रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मेरठ आने के लिए नमो भारत उनके लिए सुविधाजनक विकल्प बन रही है।
गंगानगर निवासी राजेश ने बताया कि उनका बेटा और पुत्रवधू फ्लाइट से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से नमो भारत ट्रेन के जरिए बेगमपुल आ गए। वह खुद कार लेकर उन्हें लेने पहुंचे। इससे दिल्ली-मेरठ के बीच सड़क पर लगने वाले जाम से बचत हुई और सफर भी आरामदायक रहा।
त्योहारी सीजन में नमो भारत की बढ़ती सवारियां इस बात का संकेत हैं कि दिल्ली-मेरठ के बीच तेज रफ्तार कनेक्टिविटी अब खरीदारी, कारोबार और पारिवारिक आवागमन का भी अहम माध्यम बन रही है।


No comments:
Post a Comment