कुल्हाड़ी से अमेरिकी सैन्य विमान पर ऐसा हमला, 560 करोड़ का C-130 हुआ कबाड़
आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगाकर विमान में घुसा आरोपी; हाइड्रोलिक लाइनें काटीं, कॉकपिट के सभी गेज तोड़े और ईंधन टैंकों में डालीं बॉल बेयरिंग
न्यूयॉर्क। आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर अमेरिकी सेना के करीब 560 करोड़ रुपये कीमत वाले C-130 हरक्यूलिस विमान को एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी और कुछ सामान्य उपकरणों से इस कदर क्षतिग्रस्त कर दिया कि अब उसके दोबारा उड़ान भरने की संभावना नहीं है। आरोपी ने विमान के भीतर घुसकर उसके कई अहम सिस्टम को निशाना बनाया। हाइड्रोलिक लाइनें काट दीं, कॉकपिट के सभी गेज तोड़ दिए और ईंधन टैंकों में बॉल बेयरिंग समेत कई चीजें डाल दीं। अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, यह अचानक किया गया हमला नहीं था, बल्कि इसकी तैयारी कई महीने पहले से चल रही थी।
सुबह तड़के सुरक्षा घेरा तोड़कर विमान में घुसा
घटना 11 अप्रैल को आयरलैंड के पश्चिमी हिस्से में स्थित शैनन एयरपोर्ट पर हुई। अभियोजकों के अनुसार, आरोपी सुबह करीब 4:40 बजे एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचा। वहां रातभर से खड़े अमेरिकी एयर नेशनल गार्ड के C-130 हरक्यूलिस विमान को निशाना बनाया। उसने विमान के पिछले क्रू दरवाजे का लॉकिंग सिस्टम तोड़ा और अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद दरवाजों को पट्टियों, ब्रैकेट और स्क्रू की मदद से बंद कर दिया।
कॉकपिट से लेकर ईंधन टैंक तक पहुंचाया नुकसान
आरोपी ने विमान की खिड़कियों को ढकने के लिए क्रू के झूलों यानी हैमॉक का इस्तेमाल किया। इसके बाद उसने विमान के दरवाजों और उनके ट्रैक में एपॉक्सी पदार्थ के साथ बॉल बेयरिंग डाल दीं, जिससे उन्हें खोलना और बंद करना मुश्किल हो गया। उसने तारों के बंडल काटे, हाइड्रोलिक लाइनों को नुकसान पहुंचाया और लिक्विड ऑक्सीजन की एक लाइन को दबाकर खराब कर दिया। हवा पहुंचाने वाली नलियों में छेद करने के साथ कॉकपिट में लगे सभी गेज भी तोड़ दिए। ईंधन टैंकों में बॉल बेयरिंग समेत अन्य चीजें डाल दीं।
आरोपी ने महीनों पहले शुरू कर दी थी तैयारी
अमेरिकी अभियोजकों का दावा है कि 48 वर्षीय दाइथी ओ'कोरैन ने इस वारदात की योजना कई महीने पहले बनाई थी। वह आयरलैंड के कॉर्क का रहने वाला है। जांच के अनुसार, उसने इंटरनेट पर C-130 विमान की बनावट और निर्माण से जुड़ी जानकारियां जुटाई थीं। एयरपोर्ट के प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल होने के रास्तों और उनके निर्देशांकों के बारे में भी जानकारी हासिल की थी। उसने मोबाइल पर ऐसा ऐप भी लिया था, जिससे विमानों की लाइव लोकेशन ट्रैक की जा सकती थी।
गैलियम के कैप्सूल भी मंगाए थे
अभियोजकों के मुताबिक, आरोपी ने गैलियम नाम के रसायन के कैप्सूल भी मंगाए थे। यह रसायन स्टील को नुकसान पहुंचाने और एल्युमिनियम को कमजोर करने में सक्षम है। C-130 विमान के निर्माण में मुख्य रूप से एल्युमिनियम का इस्तेमाल होता है। उसने एयरपोर्ट की सुरक्षा में पहले सेंध लगा चुके एक व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश भी की थी। अभियोजन पक्ष का कहना है कि यदि ऑक्सीजन लाइन को दबाने के बजाय काट दिया जाता तो विमान में विस्फोट का खतरा पैदा हो सकता था।
क्रू ने सुबह देखा, छत पर कुल्हाड़ी से कर रहा था हमला
अभियोग के मुताबिक, विमान का क्रू सुबह करीब 9:40 बजे एयरपोर्ट लौटा तो कॉकपिट के खुले शीशे से आरोपी अंदर दिखाई दिया। क्रू ने तत्काल सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दी। कर्मचारियों ने उसे विमान की छत पर कुल्हाड़ी से हमला करते हुए भी देखा। बताया गया कि वह छत पर बने एक हैच से बाहर निकल रहा था। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दोषी साबित हुआ तो 10 साल तक की जेल
मैनहैटन की अदालत में सार्वजनिक किए गए अभियोग में ओ'कोरैन पर अमेरिकी सरकार की संपत्ति को नष्ट करने का आरोप लगाया गया है। आयरलैंड में गिरफ्तारी के बाद उस पर आपराधिक नुकसान पहुंचाने और प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप भी लगाए गए थे। अमेरिकी मामले में दोषी साबित होने पर उसे अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है। फिलहाल नए आरोपों पर उसकी अदालत में पेशी की तारीख तय नहीं हुई है।
अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त विमान की कीमत करीब 60 मिलियन डॉलर यानी लगभग 560 करोड़ रुपये थी। चार इंजन वाला यह टर्बोप्रॉप विमान सैनिकों और सैन्य उपकरणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। घटना के समय विमान दूसरे देश में सैन्य मिशन पर जाने वाला था। अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने कहा कि अमेरिकी सैन्य संपत्तियों और राष्ट्रीय सुरक्षा को निशाना बनाने वाले ऐसे कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
समर्थकों ने अमेरिकी सैन्य गतिविधियों के विरोध से जोड़ा
दूसरी ओर, आरोपी के समर्थकों ने इस कार्रवाई को अमेरिकी सैन्य गतिविधियों के विरोध में उठाया गया कदम बताया है। उसके दोस्तों और समर्थकों की ओर से ऑनलाइन फंडरेजर शुरू किया गया। इसमें दावा किया गया कि आरोपी ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई और गाजा में इजरायल के युद्ध में अमेरिका के समर्थन के विरोध में विमान को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, यह उसके समर्थकों की ओर से पेश किया गया पक्ष है।
पहले भी शैनन एयरपोर्ट की सुरक्षा में लग चुकी है सेंध
शैनन एयरपोर्ट पर पिछले 18 महीनों में सुरक्षा में सेंध लगाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें तीन लोगों पर अमेरिकी सैन्य विमान पर स्प्रे पेंट करने का आरोप लगा था। इसके अलावा तीन अन्य लोग अमेरिकी सैन्य जेट की पार्किंग वाले प्रतिबंधित क्षेत्र तक वाहन लेकर पहुंच गए थे। सितंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विमान एयरफोर्स वन भी आयरलैंड यात्रा के दौरान इसी एयरपोर्ट पर उतरा था।


No comments:
Post a Comment