घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का पूरा ब्योरा, 30 नवंबर तक मिलेगी स्वगणना की सुविधा
एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी, 4 जनवरी तक चलेगी जनसंख्या गणना; डीएम डॉ. वीके सिंह ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
मेरठ। जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। खास बात यह है कि नागरिकों को पहली बार घर बैठे ही अपने परिवार का पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। इसके लिए 16 नवंबर से स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 30 नवंबर तक चलेगी।
सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि जनपदवासी आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल या कंप्यूटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। डीएम ने लोगों से अपील की कि निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें और सभी जानकारियां सही-सही भरें।
एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
डीएम ने बताया कि स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान वे प्रत्येक परिवार से संबंधित जानकारियां जुटाएंगे। जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्वगणना कर ली होगी, उनके विवरण को भी प्रगणक सत्यापित करेंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
सही जानकारी देना सभी की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की नीतियों और विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाए और सही जानकारी उपलब्ध कराए।
उन्होंने जनपदवासियों से ऑनलाइन स्वगणना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के साथ ही घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को भी पूरा सहयोग देने की अपील की।
जनगणना-2027 की प्रमुख तारीखें
16 से 30 नवंबर 2026 : ऑनलाइन स्वगणना।
1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 : घर-घर जाकर जनसंख्या गणना।
5 से 9 जनवरी 2027 : आंकड़ों का पुनरीक्षण।


No comments:
Post a Comment