घर का भेदी निकला चोरी का मास्टरमाइंड, नौचंदी पुलिस ने चार घंटे में खोल दिया 35 लाख की चोरी का राज

चार आरोपी गिरफ्तार, 8.82 लाख रुपये नकद और 25 लाख के जेवर बरामद; घर का ताला खोलकर अलमारी से उड़ाई थी नकदी और ज्वेलरी

मेरठ। पूर्व रणजी खिलाड़ी के  घर की अलमारी में रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवर गायब हुए तो परिवार के होश उड़ गए। घर का ताला खोलकर हुई इस चोरी ने पुलिस को भी चुनौती दे दी, लेकिन नौचंदी पुलिस ने महज चार घंटे में वारदात का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें पूर्व रणजी खिलाड़ी का बेटा भी शामिल है।  पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 82 हजार 500 रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये है।

तहरीर मिलते ही हरकत में आई पुलिस 

 मीडिया को जानकारी देते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि  15 नवंबर को पूर्व रणजी खिलाड़ी  आशु पुत्र विष्णुदत्त ने नौचंदी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला खोलकर अलमारी में रखे करीब 10 लाख 20 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दीं।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी के निर्देशन और एएसपी/सीओ नौचंदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। सुराग जुटाते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को दबोच लिया।

एक आरोपी घर से, तीन बाग से दबोचे

पुलिस ने समर पुत्र आशु शर्मा को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं रोहित उर्फ गबरू, ओम सरीन और अंकित को गांधी आश्रम से हंस चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर पेठे की दुकान के सामने स्थित बाग से पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की नकदी और बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।

जेवरों की लंबी फेहरिस्त, 25 लाख आंकी कीमत

बरामद सामान में सोने के हार, अंगूठियां, चेन, चूड़ियां, झुमके, नथ, टीका, पायल, पाजेब, बिछुए, बाजूबंद, कलाईबंद और चांदी के अन्य आभूषण शामिल हैं। कुछ जेवरों पर अंग्रेजी के W और A अक्षर वाले लॉकेट भी लगे मिले। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

नकदी और जेवरों के अलावा पुलिस ने एक छोटी पारदर्शी डिब्बी में रखे खजूर के 16 बीज, सफेद धातु की छोटी आयताकार ईंट और दो बड़ी चाबियां भी बरामद की हैं।

ओम सरीन पर पहले से भी मुकदमा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समर, रोहित उर्फ गबरू, ओम सरीन और अंकित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ओम सरीन के खिलाफ नौचंदी थाने में वर्ष 2025 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। बाकी तीन आरोपियों का उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड इसी चोरी के मुकदमे से संबंधित बताया गया है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण भाटी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक छैल बिहारी शर्मा समेत उपनिरीक्षक सतीश शर्मा, सुनील सिंह, आनंद प्रकाश, अखिलेश सिंह, विकास वर्मा तथा हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे। नौचंदी पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात का पर्दाफाश होने के साथ करीब 35 लाख रुपये की बरामदगी हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts