हर्षित के तूफानी शतक से जेएमएस वर्ल्ड स्कूल फाइनल में, 255 रन के लक्ष्य के आगे रुद्रा की टीम पस्त

ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हापुड़ की टीम ने 25 रन से दर्ज की जीत

मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। सीनियर वर्ग के सेमीफाइनल में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल को 25 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। हर्षित तोमर की विस्फोटक बल्लेबाजी मुकाबले का मुख्य आकर्षण रही।

32 गेंदों में ठोक दिए 104 रन

पहले बल्लेबाजी करने उतरी जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम ने 18.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हर्षित तोमर ने महज 32 गेंदों में 104 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने आठ चौके और नौ छक्के जड़कर मैदान में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वीर ने 58 और सूर्यांश ने 51 रन का योगदान दिया। रुद्रा इंटरनेशनल की ओर से हृदय ने तीन, जबकि अभिनव और हर्ष ने दो-दो विकेट हासिल किए।

230 रन तक पहुंचकर थमी रुद्रा की पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 230 रन ही बना सकी। समर ने 73, आर्यन ने 56 और करन ने 53 रन बनाए। जेएमएस की ओर से सूर्यांश ने तीन, हर्षित ने दो और तला ने एक विकेट लिया। शानदार शतकीय पारी के लिए हर्षित तोमर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रविवार को दूसरा सेमीफाइनल, सोमवार को खिताबी भिड़ंत

मुख्य अतिथि पूर्व यूपी क्रिकेटर शेखर कौशिक ने हर्षित को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने रुद्रा इंटरनेशनल की टीम के खिलाड़ियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल रविवार को खेला जाएगा, जबकि सोमवार को फाइनल मुकाबला होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के एमडी डॉ. आयुष सिंघल और रोशन सिंघल खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts