जब राजनीति लड़खड़ाती है तो साहित्य उसे संभालता है... CCSU में दिनकर के इस विचार ने बांधा समां

विशेष व्याख्यान में राजनीति और हिंदी साहित्य के रिश्तों पर मंथन, वक्ताओं ने कहा- साहित्य ने ही सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक चेतना को दी नई दिशा

मेरठ। राजनीति जब अपने रास्ते से भटकती है तो साहित्य उसे आईना दिखाने का काम करता है। साहित्यकारों की कलम ने समय-समय पर सत्ता को सवालों के कठघरे में खड़ा किया और समाज को बदलाव की राह दिखाई। इसी विचार को केंद्र में रखकर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में शनिवार को ‘स्वातंत्र्योत्तर भारत में राजनीति और हिंदी साहित्य का अंतर्संबंध’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें वक्ताओं ने साहित्य को केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन की ताकत बताया।

दिनकर से दुष्यंत और नागार्जुन तक साहित्य की राजनीतिक ताकत

मुख्य वक्ता डॉ. अमन मुसाफिर, सहायक आचार्य एवं पूर्व राजभाषा अधिकारी (सीबीआई) ने कहा कि साहित्य विमर्श पैदा करता है और वही विमर्श राजनीति को प्रभावित कर समाज में सकारात्मक बदलाव की जमीन तैयार करता है। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू और रामधारी सिंह दिनकर के प्रसंग का उल्लेख करते हुए साहित्यकार की भूमिका को रेखांकित किया। आपातकाल के दौर में दुष्यंत कुमार और नागार्जुन की रचनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह साहित्य ने सत्ता की नीतियों और परिस्थितियों की आलोचनात्मक समीक्षा की।

उन्होंने संत रैदास की पंक्तियों के माध्यम से ऐसे आदर्श राज्य की कल्पना भी सामने रखी, जहां सभी को अन्न मिले और छोटे-बड़े का भेद समाप्त हो। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को हिंदी साहित्य ने अपनी विभिन्न विधाओं में प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

दलित और महिला विमर्श ने बदली राजनीतिक तस्वीर

विशिष्ट वक्ता डॉ. प्रशांत शर्मा ने कहा कि विमर्श का प्रतिबिंब केवल विचारों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि चेतना के स्तर पर भी बदलाव लाता है। कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं कला संकायाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह ने स्वातंत्र्योत्तर भारत की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्यकारों ने दलित और महिला विमर्श को केंद्रीय विषय बनाया। इससे इन वर्गों की राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा मिला। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को बेहतर ढंग से समझने के लिए समग्र भारतीय साहित्य के अध्ययन पर जोर दिया।

दीप प्रज्ज्वलन से हुई शुरुआत, शोधार्थियों ने भी लिया हिस्सा

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन से हुआ। डॉ. चंचल ने अतिथियों का परिचय कराया, जबकि डॉ. भूपेंद्र सिंह ने विषय की भूमिका प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में राजनीतिक नारों और गीतों के साहित्यिक योगदान को रेखांकित किया। अंत में डॉ. देवेंद्र उज्ज्वल ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. मुनेश कुमार और सह-समन्वयन डॉ. जयवीर सिंह ने किया। मंच संचालन शगुन और साक्षी ने किया। इस दौरान डॉ. सुषमा रामपाल, डॉ. धनपाल सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts