भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को बताया फर्जी, योगी-पंकज चौधरी ने जारी किया संयुक्त बयान

बोले- उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई, केंद्रीय नेतृत्व को कोई सूची नहीं भेजी गई; कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलाने की साजिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने के बीच भाजपा के 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दावा किया जा रहा था कि पार्टी ने 209 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। इस खबर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संयुक्त बयान जारी कर इसे पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत करार दिया है।

सूची तैयार करने और दिल्ली भेजने का दावा खारिज

संयुक्त बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थानों की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार किए जाने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं। पार्टी ने इन खबरों को असत्य, निराधार और काल्पनिक बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।

बयान के मुताबिक, भाजपा या प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची न तो तैयार की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।

अभी शुरू नहीं हुई प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया

भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी एक अनुशासित और कैडर आधारित संगठन है। विधानसभा चुनाव सहित अन्य चुनावों में प्रत्याशियों के चयन के लिए निर्धारित संगठनात्मक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई जाती है। फिलहाल यह प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है। ऐसे में 209 उम्मीदवारों के नाम तय होने का दावा पूरी तरह भ्रामक है।

कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलाने का आरोप

संयुक्त बयान में इस तरह की खबरों को सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा गया है कि कुछ तत्व पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का माहौल पैदा करना चाहते हैं। भाजपा ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे तथ्यहीन खबरों पर विश्वास न करें और पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी सूचनाओं को ही प्रमाणिक मानें।

भाजपा के इस खंडन के बाद 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts