संस्कार भारती के दीपावली मिलनोत्सव में बिखरी भारतीय संस्कृति की छटा
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देशभक्ति गीत और राम स्तुति ने मोहा मन; वक्ताओं ने नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर दिया जोर
मेरठ। संस्कार भारती मेरठ महानगर की ओर से रविवार को इस्माइल नेशनल महिला पीजी कॉलेज, बुढ़ाना गेट में दीपावली मिलनोत्सव एवं सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में भारतीय कला, साहित्य और संस्कृति की मनोहारी झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, कला-साहित्य प्रेमियों और परिवारों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य प्रजापति रहे। विशिष्ट अतिथियों में तहसीलदार सदर रवि प्रजापति और इस्माइल नेशनल पीजी कॉलेज के सचिव अरुण कुमार शामिल रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर प्रचारक अनिकेत ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे।
संस्कृति ही हमारी पहचान : आदित्य प्रजापति
मुख्य अतिथि आदित्य प्रजापति ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करते हैं। तहसीलदार रवि प्रजापति ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन परंपराओं को सहेजने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कॉलेज सचिव अरुण कुमार ने संस्कार भारती के कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों की सराहना की। मुख्य वक्ता अनिकेत ने कहा कि संस्कार और सांस्कृतिक मूल्य ही समाज को एक सूत्र में बांधते हैं। वहीं, संस्कार भारती मेरठ महानगर के अध्यक्ष डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि संस्था कला और संस्कृति के माध्यम से समाज में संस्कार, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।
नृत्य, भजन और कविताओं ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में अक्षरा और आध्या ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया। यशस्वी सक्सेना और काशवी अग्रवाल ने एकल नृत्य से दर्शकों की तालियां बटोरीं। मेधावी अनुप्रिया और आध्या ने राम स्तुति पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। मनमोहन भल्ला और राम लखन पटेल ने कविता पाठ किया, जबकि यशपाल ने भजन सुनाया। अर्चना जौहरी और आशा ने अंताक्षरी के माध्यम से कार्यक्रम में मनोरंजन का रंग भरा। अक्षरा ने वंदे मातरम की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में भारत जानो प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें यशपाल ने प्रश्न पूछे, जबकि तरुण तोमर ने माइक संचालन में सहयोग किया। समारोह के अंत में संस्कार भारती की महानगर महामंत्री डॉ. दिशा दिनेश और कोषाध्यक्ष मनमोहन भल्ला ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया। दीपावली मिलन के इस आयोजन ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।


No comments:
Post a Comment