‘ऑटो वालों के बच्चे ऑटो ही चलाएंगे, भिखारियों के बच्चे भिखारी बनेंगे’, सरकारी शिक्षिका की टिप्पणी से बवाल
कर्नाटक के शिवमोग्गा के सरकारी उर्दू स्कूल का मामला, अभिभावकों ने शिक्षा अधिकारी से की शिकायत; शिक्षिका के तत्काल तबादले की मांग
शिवमोग्गा। शिक्षक बच्चों का भविष्य संवारने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का काम करते हैं, लेकिन कर्नाटक के शिवमोग्गा में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका पर बच्चों के भविष्य को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षिका ने गरीब परिवारों के बच्चों से कहा कि ऑटो चालकों के बच्चे बड़े होकर ऑटो ही चलाएंगे और भिखारियों के बच्चे भिखारी ही बनेंगे। इस टिप्पणी से नाराज अभिभावकों ने शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराकर शिक्षिका के तत्काल तबादले की मांग की है।
लड़कियों की शादी को लेकर भी की टिप्पणी
मामला शिवमोग्गा शहर के टीपू नगर स्थित छठे क्रॉस के सरकारी उर्दू स्कूल का है। अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षिका कक्षा में बच्चों की आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर अपमानजनक बातें करती हैं। उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी टाइल लगाने वाले मजदूरों से होगी। शिक्षिका की इन टिप्पणियों से बच्चों के आत्मसम्मान और मनोबल पर असर पड़ने की बात कही जा रही है।
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग में दर्ज कराई शिकायत
शिक्षिका के व्यवहार से नाराज बच्चों और उनके अभिभावकों ने क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में बच्चों को प्रोत्साहित करने के बजाय उनकी गरीबी और परिवार के पेशे के आधार पर अपमानित किया जा रहा है। अभिभावकों ने शिक्षिका का तत्काल तबादला करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिक्षक की जिम्मेदारी बच्चों में आत्मविश्वास जगाना
अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में शिक्षकों को बच्चों का हौसला बढ़ाना चाहिए, न कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति या पेशे के आधार पर उनका भविष्य तय करना चाहिए। फिलहाल शिक्षिका पर लगाए गए आरोपों पर शिक्षा विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में विभागीय जांच और कार्रवाई का इंतजार है।


No comments:
Post a Comment