एसजीएम ग्राउंड में उमड़ा भाजपाइयों का सैलाब, नीरज मित्तल ने फूंका मिशन-2027 का बिगुल

30-35 हजार की भीड़ जुटने का दावा, बोले- पश्चिम से उठेगी भाजपा की लहर, योगी के नेतृत्व में 300 पार करेगी पार्टी

मेरठ। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी तेज कर दी है। रविवार को एसजीएम ग्राउंड में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में उमड़ी भारी भीड़ ने सियासी हलचल बढ़ा दी। आयोजक नीरज मित्तल ने दावा किया कि महज छह-सात दिन पहले निमंत्रण देने के बावजूद 30 से 35 हजार लोग कार्यक्रम में पहुंचे। समारोह में सांसद, विधायक, मंत्री, पार्षद और भाजपा के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। भजन संध्या और सहभोज के जरिए शक्ति प्रदर्शन के साथ संगठन की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई।

पश्चिम से पूर्वांचल तक लहर का दावा

नीरज मित्तल ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों को परिवार की तरह जोड़ने का प्रयास था। इतनी कम अवधि में उमड़ी भीड़ भाजपा के प्रति जनता के समर्थन और संगठन की मजबूती दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उठने वाली राजनीतिक लहर पूर्वांचल तक पहुंचेगी और 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर फिर सरकार बनाएगी।

विपक्ष पर हमला, कैंट सीट पर दावेदारी का सवाल

एसआईआर को लेकर वोट चोरी के आरोपों और दिल्ली में विपक्षी दलों की रैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास प्रमाण नहीं, केवल आरोप हैं। कई दल एकजुट होकर भी भाजपा जैसा जनसमर्थन नहीं जुटा पा रहे हैं। कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर नीरज मित्तल ने कहा कि पार्टी जो भी आदेश देगी, उसे स्वीकार करेंगे। उनके लिए संगठन का निर्णय सर्वोपरि है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts