शादी से मुकरने पर आरोपी की जमानत रद्द, हाईकोर्ट ने मेरठ SSP को 45 मिनट खड़ा रखा

आरोपी को हाईकोर्ट में पेश करने के बजाय CJM कोर्ट में भेजने पर नाराजगी, SSP बोले- अधीनस्थों से हुई चूक; CJM के आचरण पर भी उठे सवाल

मेरठ/प्रयागराज। शादी का वादा करके जमानत हासिल करने और बाद में मुकरने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शनिवार को सख्त रुख अपनाया। आरोपी को हाईकोर्ट में पेश करने के बजाय मेरठ की सीजेएम अदालत में पेश कर जेल भेजने के मामले में कोर्ट ने मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को करीब 45 मिनट तक खड़ा रखा। एसएसपी ने सफाई देते हुए कहा कि वह अवकाश पर थे और उनके अधीनस्थ अधिकारियों से चूक हुई है। कोर्ट ने उन्हें भविष्य में सतर्क रहने की चेतावनी दी।

न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की पीठ ने मेरठ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आचरण पर भी गंभीर नाराजगी जताई। कोर्ट ने इसे घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए आदेश की प्रति मेरठ के प्रशासनिक न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया, ताकि संबंधित स्तर पर उचित कार्रवाई पर विचार किया जा सके।

शादी का वादा तोड़ने पर रद्द हुई जमानत

मामला मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि नितीश उर्फ सिद्धांत उर्फ सेठी ने पिछले साल एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। हाईकोर्ट में जमानत की सुनवाई के दौरान आरोपी ने युवती से शादी करने का वादा किया था। इसके बाद 18 मार्च 2026 को उसे जमानत मिल गई, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह अपने वादे से मुकर गया।

युवती ने इस संबंध में हाईकोर्ट का रुख किया। कोर्ट ने 28 सितंबर 2026 को आरोपी की जमानत रद्द करते हुए उसे पेश कराने के लिए गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया। कई तारीखें बीतने के बाद भी आरोपी को हाईकोर्ट में पेश नहीं किया गया। इस पर कोर्ट ने आठ अक्टूबर को मेरठ के एसएसपी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

हाईकोर्ट के बजाय सीजेएम कोर्ट में पेश किया

हाईकोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस आरोपी को प्रयागराज स्थित हाईकोर्ट में पेश करने के बजाय मेरठ की सीजेएम अदालत में ले गई, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने आपत्ति जताई।

शनिवार को सुनवाई के दौरान युवती और आरोपी दोनों अदालत में मौजूद थे। कोर्ट ने आरोपी से शादी के वादे के बारे में पूछा तो उसने युवती से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीठ ने माना कि आरोपी ने जमानत लेते समय दी गई अंडरटेकिंग का उल्लंघन किया है और उसकी जमानत रद्द कर दी।

एसएसपी ने कहा- अधीनस्थ अधिकारियों से हुई चूक

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कोर्ट को बताया कि वह 28 सितंबर से दो अक्टूबर तक अवकाश पर थे। इस दौरान उनके अधीनस्थ अधिकारियों से चूक हुई। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वारंट के निष्पादन की जिम्मेदारी एसएसपी की थी और आरोपी को हाईकोर्ट में पेश कराना उनकी जिम्मेदारी के दायरे में आता था।

कोर्ट ने उनके खिलाफ प्रतिकूल आदेश पारित करने के बजाय उन्हें शाम चार बजे तक अदालत में मौजूद रहने का निर्देश दिया और भविष्य में ऐसी चूक से बचने की चेतावनी दी।

सीजेएम के आचरण पर भी गंभीर टिप्पणी

हाईकोर्ट ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि सीजेएम मेरठ को जानकारी थी कि आरोपी को हाईकोर्ट के गैर-जमानती वारंट के तहत सीधे वहां पेश किया जाना था। इसके बावजूद आरोपी को हाईकोर्ट भेजने के बजाय न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पीठ ने इस मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए आदेश की प्रति मेरठ के प्रशासनिक न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया, ताकि सीजेएम के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर उचित कार्रवाई पर विचार किया जा सके।

कौन हैं एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति?

बीबीजीटीएस मूर्ति भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। उनका जन्म 12 फरवरी 1985 को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में हुआ था। उन्होंने हैदराबाद में शिक्षा प्राप्त की और कंप्यूटर साइंस में बीटेक के बाद मार्केटिंग में एमबीए किया।

वर्ष 2015 में यूपी कैडर में आईपीएस के रूप में चयनित होने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग गाजियाबाद में हुई थी। वह लखनऊ में इंटेलिजेंस विभाग में एसपी के पद पर भी रहे। इसके अलावा कासगंज, कानपुर देहात और झांसी में भी पुलिस की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2022 में डीजी कमेंडेशन डिस्क सिल्वर, 2023 में गोल्ड और 2025 में प्लेटिनम सम्मान मिला था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts