सर तो सर हैं...!
- ललिता जोशी
सर तो सर हैं । ये सम्बोधन अत्यंत सम्मानजनक है । सर माने आदरणीय। समाज के बड़े और प्रतिष्ठित लोगों को इस आदरसूचक शब्द से संबोधित किया जाता है। आजकल SIR बड़ी चर्चा में हैं। हँगामा बरपा हुआ है देश में इस SIR के लिए । SIR इतने शक्तिशाली हैं कि लोकतंत्र की पाठशाला में जिसे मर्जी रखें और जिस मर्जी का नामांकन रद्द कर दें । SIR को भी अपने संकाय के शक्तिशाली लोगों का संरक्षण जो प्राप्त है SIR को । वैसे आम आदमी को क्यों लगता है उनका नाम काट दिया है । अरे आप जानते हो न कितने घुसपैठिए अपने देश में घुस आए हैं । अपने देश के संसाधन इन लोगों पर खर्च होता है अप्रत्यक्ष रूप से । SIR ने तो देशहित में काम किया लेकिन उससे बहुत से राजनीतिक दलों को नुकसान हुआ तो बेचारे SIR पर आरोप लग विपक्षीदलों को तो मौका मिल गया सड़क से संसद तक हंगामा मचाने का ।
संविधान की रक्षा और लोकतन्त्र के रक्षक सभी हैं । इन दोनों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं नेतागण । इन नेताओं के सहायक होते हैं संवैधानिक पदों पर बैठे हुए बड़े -बड़े पदाधिकारी । नेता और ये अधिकारी आपस में मिल बैठकर ही नीतियाँ बनाते हैं और फिर एक प्रक्रिया के तहत इन नीतियों को अमली जामा पहनाया जाता है। तभी तो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा होगी । संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सर SIR की प्रक्रिया को अपनाया । न तो सर और न ही शासकों को SIR से कोई समस्या थी, न है । इसी सर को लागू करने वाले सर तो अशोक की लाट की तरह बने हुए हैं । इनसे न तो कोई मिल नहीं सकता न ही वो किसी से मिलेंगे । इतनी अभेद्य सुरक्षा है सर जी की। अपनी ज़ेन जी है कि मानती नहीं । ज़ेन जी को इम्यूनिटी दे रहे हैं नेता प्रतिपक्ष । बल मिल रहा है इन निर्बलों को ।
वैसे एक कहावत भी है कि ‘निर्बल को न सताइए जाकी मोटी हाय, मुई खाल की स्वास सो, सार भस्म ह्वै जाय ॥ ‘अरे सर जी जिसके पास खोने लिए कुछ नहीं है तो उसे कैसा डर। अरे जिनकी वजह से आप सत्ता में हैं । वे अगर बिगड़ गए तो राम ही जाने क्या होगा । सर इन्हें डंडों और अश्रु गैस के गोलों से डर नहीं लगता न ही वॉटर कनेन से । लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की दुहाई देने वाले अगर सर से SIR के बारे में एक वार्ता चाहते हैं तो इसमें हर्ज ही क्या है ?
एक सर से सभी हैरान और परेशान हैं लेकिन लोकतन्त्र के नाम पर अपने को कमरों में बंद करना ठीक नहीं हैं । भाई लोकतन्त्र जिस संविधान पर टिका हुआ है उस संविधान को पढ़ कर गुनना चाहिए । कोई संविधान को हाथ में लेकर घूमता है तो कोई संविधान की व्याख्या अपने स्वाद और सुविधानूसार करता है । जनता तो माध्यम है इस लोकतन्त्र का । कोई धरना हो या कोई प्रदर्शन हो तो जिस किस की मर्जी हो वो सड़क पर बैठ जाओ या फिर गांधीजी के समाधि -स्थल पर बैठ जाओ ।जनता जूझती है ट्रेफिक जाम से और मरीज बेचारे अस्पताल तक पहुंच की आस में कई बार दम तोड़ देते हैं । किसी की ट्रेन तो किसी की फ्लाइट तो किसी का इंटरव्यू ही छूट जाता है लेकिन जनता की किस को पड़ी है ।
सर तो SIR हैं इन्हें क्या कहिए ! सर के तो कई रक्षक हैं और वो अभेद्य सुरक्षा में हैं । ईश्वर तक एक बार पहुंच सकते हैं लेकिन सर तक पहुंचना नामुमकिन लगता है ।
विश्व के सबसे बड़े इस लोकतन्त्र में अब तो जनता जनार्दन नहीं लगती लेकिन जनता पर दे धना धन चलती है।
(मुनिरका एन्क्लेव, दिल्ली)





No comments:
Post a Comment