नोएडा में छह दुकानों में भीषण आग, एक की मौत
दुकानों के अंदर बड़ी संख्या में मिले एलपीजी सिलेंडर, राहत-बचाव के दौरान बरती गई सतर्कता
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-126 में शनिवार को छह दुकानों में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तलाशी अभियान के दौरान दुकानों के अंदर बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर मिलने से राहत एवं बचाव कार्य में विशेष सतर्कता बरती गई।
बेहोशी की हालत में मिला व्यक्ति, अस्पताल में मृत घोषित
नोएडा के एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा के अनुसार, थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में दुकानों में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के बाद परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिलेंडर मिलने से बढ़ी चिंता
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर मिले हैं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ परिसर की तलाशी भी ली, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दुकानों में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


No comments:
Post a Comment