KBC के मंच पर गूंजी मेरठ के गांव की विकासगाथा, अमिताभ बच्चन ने पूछे सवाल

अम्हेड़ा आदिपुर की प्रधान ऋचा सिंह को मिला विशेष निमंत्रण, यूपी से कार्यक्रम में पहुंचने वाली इकलौती ग्राम प्रधान; पंचायत सचिवालय, AI लैब और महिला स्वयं सहायता समूहों की बताई उपलब्धियां

मेरठ। मेरठ के अम्हेड़ा आदिपुर गांव की ग्राम प्रधान ऋचा सिंह ने लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति-18’ के मंच पर पहुंचकर गांव के विकास मॉडल की जानकारी साझा की। उत्तर प्रदेश से ऋचा सिंह को कार्यक्रम में ग्राम प्रधान के तौर पर अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। मुंबई में हुई शूटिंग के दौरान शो के मेजबान अमिताभ बच्चन ने उनसे गांव में कराए गए विकास कार्यों और ग्रामीणों के लिए शुरू की गई योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

चार राज्यों के ग्राम प्रधानों को मिला निमंत्रण

KBC की टीम ने पिछले महीने ऋचा सिंह को कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी थी। यूपी के अलावा राजस्थान, बिहार और पश्चिम बंगाल से भी एक-एक ग्राम प्रधान को अतिथि के तौर पर बुलाया गया। कार्यक्रम में चारों प्रधानों से उनके गांवों में किए जा रहे विकास कार्यों पर बातचीत की गई।

ऋचा सिंह अपने पति एडवोकेट रॉबिन सिंह सिवाच के साथ छह अक्टूबर को मुंबई पहुंची थीं। कार्यक्रम की शूटिंग आठ अक्टूबर की रात आठ बजे से शुरू होकर देर रात दो बजे तक चली।

अमिताभ ने पूछा- गांव में क्या बदला?

कार्यक्रम के दौरान अमिताभ बच्चन ने ऋचा सिंह से अम्हेड़ा आदिपुर में हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होगा, तभी देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने ग्रामीण विकास में ग्राम प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

ऋचा सिंह ने बताया कि उनके कार्यकाल में ग्राम पंचायत सचिवालय, पंचायत लर्निंग सेंटर, AI लैब और पार्क समेत कई विकास कार्य कराए गए हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए गांव में करीब 60 स्वयं सहायता समूह संचालित किए जा रहे हैं।

गरीब छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग

ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव के गरीब विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पात्र परिवारों तक राशन पहुंचाने के लिए अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया गया है। गांव में किए गए कार्यों की जानकारी सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों से ऋचा सिंह का उत्साहवर्धन किया।

पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान

ऋचा सिंह को ग्राम विकास के क्षेत्र में काम के लिए पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार और राज्य स्तर पर सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें ‘यशस्वी प्रधान’ और ‘श्रेष्ठ प्रधान’ जैसे सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। अब KBC के मंच पर गांव के विकास कार्यों को साझा करने का अवसर मिलने से अम्हेड़ा आदिपुर एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts