चुनाव हारते ही विपक्ष को दिखने लगती है ‘वोट चोरी’: स्वदेश सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री बोले- कर्नाटक, केरल और पंजाब में भी EVM से चुनाव, वहां क्यों नहीं उठते सवाल; चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था, उस पर आरोप लगाना गलत
मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री स्वदेश सिंह ने EVM और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद ही विपक्ष को वोट चोरी और EVM में गड़बड़ी नजर आने लगती है। कर्नाटक, केरल और पंजाब में भी EVM से चुनाव हुए हैं, लेकिन वहां विपक्ष को कोई परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उस पर बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीति करना उचित नहीं है।
‘चुनाव हारने के बाद ही क्यों याद आती है वोट चोरी’
स्वदेश सिंह ने कहा कि विपक्ष को वास्तविक मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि EVM के जरिए वोट चोरी संभव है तो फिर हर चुनाव में ऐसा क्यों नहीं होता। उनके मुताबिक विपक्ष के पास ठोस एजेंडा नहीं है, इसलिए EVM और वोट चोरी जैसे मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दो राज्यों में चुनाव में कथित वोट चोरी की बात कही जा रही है, जबकि दूसरे राज्यों में चुनाव परिणाम आने पर विपक्ष चुप रहता है। उन्होंने विपक्ष से अपने आरोपों के पक्ष में ठोस प्रमाण सामने रखने को कहा।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के सवाल पर भाजपा नेता ने कहा कि वह विपक्ष के नेता हैं और प्रदर्शन करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। हालांकि, उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं में जनता का सामना करने का साहस होना चाहिए। स्वदेश सिंह ने चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को भी अनुचित बताया।
‘अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए काम करती है भाजपा’
स्वदेश सिंह ने भाजपा को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हित में काम करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में करोड़ों परिवारों को शौचालय और प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद वर्ग को सीधे लाभ पहुंचाना है।
सेवा संकल्प अभियान में 10 हजार कार्यक्रमों का लक्ष्य
भाजपा नेता ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में अब तक छह हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अगले 10 दिनों में चार हजार और कार्यक्रम कराने का लक्ष्य है। उन्होंने कोविड काल में टीकाकरण और गरीब परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने समेत केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का जिक्र करते हुए इसे भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का उदाहरण बताया।


No comments:
Post a Comment