इंजीनियर के घर नोटों का अंबार, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन

आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU की बड़ी कार्रवाई, पांच ठिकानों पर एक साथ छापे; मुजफ्फरपुर के फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद बरामद

पटना/मुजफ्फरपुर। बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में योजना एवं विकास विभाग, मुंगेर में तैनात कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को EOU की अलग-अलग टीमों ने बिहार के चार जिलों में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बड़ी संख्या में नोट मिलने के बाद उनकी गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी।

तलाशी के दौरान टीम को नकदी के अलावा कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, आभूषण, जमीन-जायदाद और निवेश से संबंधित कागजात भी मिले हैं। EOU की कार्रवाई देर तक जारी रही। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

83.53 लाख की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

EOU के मुताबिक नारद कुमार दास के खिलाफ उनकी वैध आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का प्राथमिक साक्ष्य मिला है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, सात अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है।

मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

पांच ठिकानों पर एक साथ पहुंची टीमें

विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट मिलने के बाद EOU की टीमों ने गुरुवार सुबह एक साथ पांच ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की। डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पहुंची टीमें बैंक खातों, निवेश, जमीन-जायदाद, नकदी और अन्य संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।

मुजफ्फरपुर में पहले भी रह चुके हैं तैनात

नारद कुमार दास पूर्व में मुजफ्फरपुर में भी कार्यरत रह चुके हैं। इसी दौरान उन्होंने नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदा था। छापेमारी के दौरान स्थानीय काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। EOU की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही अपार्टमेंट परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी और मामले की चर्चा होती रही।

EOU अधिकारियों का कहना है कि सभी ठिकानों की तलाशी पूरी होने के बाद नकदी, आभूषण, दस्तावेज और अन्य संपत्तियों का विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसके बाद ही कुल बरामदगी और कथित आय से अधिक संपत्ति का वास्तविक ब्योरा सामने आएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts