ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त किया जाए
राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
मेरठ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने, उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की निष्पक्ष जांच कराने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा की मांग को लेकर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी मेरठ के कार्यकर्ताओं ने पूर्वी कचहरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार व लाठीचार्ज का विरोध किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा और पीसीसी सदस्य अनिरुद्ध त्यागी ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संरक्षण दे रही है। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सर्वोच्च महत्व रखती है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में सवाल उठते हैं तो सरकार को उनका जवाब देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ किए गए व्यवहार को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
मनजीत सिंह कोछाड़ ने कहा कि देश की जनता अपने मताधिकार की सुरक्षा चाहती है और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। ठाकुर तेजवीर सिंह ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
रॉबिन नाथ गोलू ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक सवाल की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पूनम पंडित ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और संविधान की रक्षा के लिए है। तेजपाल डाबका ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को जनता के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके कार्यकाल के निर्णयों की निष्पक्ष समीक्षा एवं जांच कराने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित होने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस के अनुसार, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में पहुंचे। इस दौरान आमिर रजा, डॉ. दिनेश मोहन शर्मा, सपना सोम, चौधरी यशपाल सिंह, कमल जायसवाल, सलीमुद्दीन शाह, सुएब साबरी, अविनाश पवार, रविंद्र सिंह, अनिल अरोड़ा, डॉ. प्रभात कुमार, राहुल जडोदिया, संदीप कुमार शर्मा, कुलदीप शर्मा, हरिकिशन प्रजापति, शक्ति सिंह, ज्ञानेंद्र भड़ाना, रवीश कुमार, सर्वेश पुंडीर, मासूम असगर, सुनीता मंडल, नवीन गुर्जर, विजय चिकारा और निसार अब्बासी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment