NHM संविदा कर्मियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
शहर से देहात तक मरीज परेशान, नियमितीकरण समेत आठ मांगों को लेकर प्रदर्शन
मेरठ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। शहर से लेकर देहात तक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन समेत आठ मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
संगठन का कहना है कि प्रदेश में एक लाख से अधिक NHM संविदा कर्मचारी 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग
संविदा कर्मियों ने लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की है। साथ ही समान कार्य-समान वेतन लागू होने तक वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि और स्वास्थ्य विभाग में आवश्यक पद सृजित करने की मांग की गई है। कर्मचारियों और चिकित्साधिकारियों तथा उनके आश्रितों के लिए कम से कम 10 लाख रुपये की फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा, महंगाई भत्ता, EPF, HRA और ग्रेच्युटी का लाभ देने की भी मांग है।
स्थानांतरण और अनुकंपा नियुक्ति भी एजेंडे में
ज्ञापन में रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण, म्यूचुअल ट्रांसफर और स्वयं के अनुरोध पर स्थानांतरण की नीति बहाल करने की मांग की गई। सेवाकाल के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की नीति बनाने की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा MCTS, IDSP, HMIS डाटा ऑपरेटर एवं कोविड-19 कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने तथा नियमित भर्तियों में NHM संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग की गई है।
12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
संगठन ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। 5 से 7 अक्टूबर तक काला फीता बांधकर विरोध और 8 से 10 अक्टूबर तक जनपद मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार/कार्यविराम किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं अथवा राज्य प्रतिनिधिमंडल से सार्थक वार्ता नहीं हुई तो 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
प्रदर्शन में जिला महामंत्री विकास कुमार, जिलाध्यक्ष डॉ. भगत सिंह, सुरेंद्र राठी, रंजन, नवनेश कुमार, विजय कराना, अर्पित सिंह, डॉ. नमिता शर्मा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment