25 साल पूरे, अब हर साल 250 छात्रों को आईएसबी देगा स्कॉलरशिप
100% तक फीस माफी के साथ राष्ट्रीय रिसर्च प्लेटफॉर्म और फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम की घोषणा
मोहाली, अक्टूबर। इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर ‘ISB@25’ के तहत मैनेजमेंट शिक्षा और रिसर्च को लेकर तीन बड़ी पहलों की घोषणा की है। संस्थान हर साल 250 छात्रों को स्कॉलरशिप देगा। पीजीपी और पीजीपी वाईएल कार्यक्रमों में छात्रों को फीस में 100 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके साथ ही देशभर के शोधकर्ताओं के लिए ‘इंडिया रिसर्च कॉमन्स’ और मैनेजमेंट संस्थानों के शिक्षकों के लिए नेशनल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू किया जाएगा।
योग्यता और जरूरत के आधार पर छात्रवृत्ति
‘ISB@25 स्कॉलर्स प्रोग्राम’ के तहत पीजीपी और पीजीपी वाईएल में प्रवेश लेने वाले छात्रों को योग्यता और आर्थिक जरूरत के आधार पर 100, 50, 30 और 25 प्रतिशत तक फीस में छूट दी जाएगी। इसका उद्देश्य अलग-अलग आर्थिक, भौगोलिक और पेशेवर पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली छात्रों को विश्वस्तरीय मैनेजमेंट शिक्षा का अवसर देना है।
देशभर के रिसर्चर्स को मिलेगा साझा प्लेटफॉर्म
‘इंडिया रिसर्च कॉमन्स’ के जरिए देशभर के शोधकर्ताओं को चुनिंदा डेटा सेट, रिसर्च टूल्स, रिसर्च मेथडोलॉजी से जुड़े संसाधन और एआई आधारित रिसर्च सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं नेशनल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के माध्यम से आईएसबी देशभर के मैनेजमेंट संस्थानों के शिक्षकों के साथ अपनी शिक्षण पद्धति, क्लासरूम तकनीक और टेक्नोलॉजी आधारित शिक्षा के अनुभव साझा करेगा।
डीन बोले- भविष्य के लिए प्रतिबद्धता का अवसर
आईएसबी के डीन प्रोफेसर मदन पिल्लुतला ने कहा कि ‘ISB@25’ सिर्फ 25 वर्षों के सफर का जश्न नहीं, बल्कि भविष्य के लिए प्रतिबद्धता तय करने का अवसर है। संस्थान का लक्ष्य बेहतर शिक्षा को अधिक छात्रों तक पहुंचाना, ज्ञान साझा करना और रिसर्च को देशभर के स्कॉलर्स व संस्थानों के लिए अधिक उपयोगी बनाना है।
2001 में स्थापित आईएसबी के 65 से अधिक देशों में 20 हजार से ज्यादा पूर्व छात्र हैं। संस्थान के हैदराबाद और मोहाली में कैंपस हैं। आईएसबी को एएसीएसबी, एएमबीए और इक्विस की अंतरराष्ट्रीय मान्यताएं भी प्राप्त हैं। एफटी ग्लोबल एमबीए रैंकिंग 2026 के अनुसार आईएसबी भारत में पहले और दुनिया में 12वें स्थान पर रहा है।


No comments:
Post a Comment