अवैध हथियारों के नेटवर्क का खुलासा, मुठभेड़ में चार गिरफ्तार
एक आरोपी के पैर में लगी गोली, .32 बोर के 46 कारतूस, पिस्टल और तमंचा बरामद; लूट के आरोपी के मोबाइल से मिला हथियारों की खरीद-फरोख्त का सुराग
मेरठ। भावनपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर .32 बोर के 46 जिंदा कारतूस, एक .32 बोर पिस्टल और .315 बोर का तमंचा बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और कारतूस कहां से खरीदे जाते थे और इन्हें किन लोगों को सप्लाई किया जा रहा था।
लूट के आरोपी के मोबाइल से खुला राज
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को ज्ञानपुर गांव के जंगल में बाइक रोककर 50 हजार रुपये लूटने की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने फैजान नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की पड़ताल की गई तो उसमें अवैध हथियार और कारतूसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े तथ्य सामने आए।
मोबाइल से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने हथियारों के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने कार्तिक, विशाल, अर्जुन और राशिद उर्फ मंत्री को गिरफ्तार किया।
बरामदगी के दौरान मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर हथियारों एवं कारतूसों की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान राशिद उर्फ मंत्री के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राशिद घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment