जेल से छूटते ही पत्नी की गला दबाकर हत्या, साली से बोला- तेरी बहन की लाश पड़ी है
मेरठ के ब्रह्मपुरी में वारदात, रेप के मामले में डेढ़ साल जेल में था आरोपी; आठ दिन पहले जमानत पर आया था बाहर
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी साली के घर पहुंचा और कथित तौर पर कहा, “मैंने तेरी बहन को मार डाला है।” इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। आरोपी करीब डेढ़ साल से रेप के मामले में जेल में था और आठ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के अनुसार जमानत को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
चार साल पहले की थी लव मैरिज
भूमिया पुल निवासी शहजादा की बेटी मुस्कान (28) ने करीब चार साल पहले पड़ोस में रहने वाले असलम के बेटे आदिल से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों इसी क्षेत्र में किराए के मकान में रहने लगे। दंपती के दो बच्चे हैं।
मुस्कान की मां समा के मुताबिक, रविवार देर रात मुस्कान और आदिल पूर्वा इलाही बख्श की कच्चा दगड़ा माता वाली गली में रहने वाली उसकी खाला सलमा के घर गए थे। दोनों रात में वहीं रुके। सोमवार सुबह जमानत को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ। उस समय सलमा ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया।
दोपहर में सलमा अपने पति के साथ रिश्तेदारी में चली गई। करीब तीन बजे मुस्कान और आदिल के बीच दोबारा विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आदिल ने मुस्कान का गला दबा दिया। उस समय दोनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे।
हत्या के बाद साली के घर पहुंचा
आरोप है कि पत्नी की हत्या करने के बाद आदिल दूसरी गली में रहने वाली अपनी साली मीनू के घर पहुंचा। उसने मीनू को मुस्कान की हत्या करने की बात बताई और बच्चों को भी मारने की धमकी दी। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। मीनू ने परिवार के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मुस्कान की मां समा ने बताया कि आदिल करीब डेढ़ साल पहले लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्यामनगर की रहने वाली एक युवती से रेप के मामले में जेल गया था। परिवार की बदनामी होने के कारण उसके ससुराल पक्ष ने उसकी जमानत नहीं कराई थी। आठ दिन पहले वह जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद से ही वह मुस्कान से विवाद और मारपीट करता था।
आरोपी की तलाश में दबिश
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश काम्बोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की और घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति की तलाश की जा रही है। महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment