सेवा सेतु शिविर से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का संकल्प
सूरजकुंड पार्क में शिविर का शुभारंभ, डॉ. सोमेंद्र तोमर बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मेरठ। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सूरजकुंड पार्क में ‘सेवा सेतु शिविर’ का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करना है।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं सेवा सेतु अभियान के प्रदेश प्रभारी डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी या प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में पात्र लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों और सरकार के बीच ‘सेवा सेतु शिविर’ महत्वपूर्ण कड़ी का काम कर रहा है।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया के संयोजन में आयोजित शिविर में नागरिकों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी अश्वनी त्यागी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अभियान संयोजक वीनस शर्मा, सह-संयोजक विभोर चौधरी, कमल दत्त शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय, विनय शर्मा पाराशर समेत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment