सलमान अली आगा का ऐतिहासिक शतक, मोहम्मद यूसुफ को पछाड़ बनाया पाकिस्तानी रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ 90 गेंदों में 107 रन की पारी खेली, पांचवें या उससे नीचे उतरकर वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज बने

रावलपिंडी,एजेेंसी। पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने 90 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली और पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को पीछे छोड़ दिया। सलमान अब पाकिस्तान की ओर से वनडे क्रिकेट में पांचवें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी पारी के दम पर पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हराकर सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की।

90 गेंदों में 107 रन, चारों शतक इसी क्रम पर

18 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में सलमान पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। वनडे क्रिकेट में यह उनका चौथा शतक था। खास बात यह है कि उनके चारों शतक पांचवें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए आए हैं।

इससे पहले सलमान और मोहम्मद यूसुफ इस मामले में तीन-तीन शतकों के साथ बराबरी पर थे। श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाते ही सलमान ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

53 मैचों में चार शतक, यूसुफ ने 114 मैचों में बनाए तीन

मोहम्मद यूसुफ ने 1998 से 2009 के बीच पांचवें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 114 वनडे मैचों में तीन शतक लगाए थे। वहीं, सलमान अली आगा ने इस क्रम पर 53 मैचों में ही चार शतक जड़ दिए हैं।

नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए भी सलमान ने नया पाकिस्तानी रिकॉर्ड बनाया। वह इस स्थान पर तीन वनडे शतक लगाने वाले पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले मोहम्मद यूसुफ ने पांचवें नंबर पर खेलते हुए दो शतक लगाए थे।

विश्व रिकॉर्ड में बटलर और मिलर आगे

वनडे क्रिकेट में पांचवें या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के जोस बटलर और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। दोनों ने आठ-आठ शतक लगाए हैं। भारत के महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह इस सूची में सात-सात शतकों के साथ शामिल हैं।

वहीं, वनडे में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने भारत के लिए इस क्रम पर सात शतक लगाए थे।

पाकिस्तान ने 37 रन से जीता मुकाबला

सलमान की शतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 49.5 ओवर में 305 रन बनाए। उन्होंने हसन नवाज के साथ पांचवें विकेट के लिए 97 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हसन ने 49 गेंदों पर 37 रन बनाए। इसके बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों ने श्रीलंका को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया और टीम ने 37 रन से मुकाबला जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए सलमान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts