मेरठ में 32 स्थानों पर होगा रावण दहन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सबहेड: विजयदशमी पर संवेदनशील 36 स्थानों पर विशेष निगरानी, पुलिस और अर्द्धसैनिक बल रहेंगे तैनात; सीसीटीवी और ड्रोन से भी होगी निगरानी
मेरठ। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को जिले में 32 स्थानों पर रावण दहन होगा। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी की जाएगी।
डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के निर्देश दिए। जिले में चिह्नित 36 संवेदनशील स्थानों पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। खुफिया विभाग को हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सतर्क किया गया है।
डीआईजी ने रामलीला स्थलों, प्रतिमा विसर्जन स्थलों और रावण दहन के स्थानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग और अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है। भीड़ के दबाव को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस पिकेट लगाकर नियमित गश्त और फ्लैग मार्च किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। बाजारों और पार्किंग स्थलों पर खड़े वाहनों की औचक जांच के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मनसा देवी मंदिर की सुरक्षा परखी
मेरठ। दुर्गा अष्टमी के अवसर पर रविवार को एसपी सिटी विनायक भोसले ने प्राचीन मां मनसा देवी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कराई तथा तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास द्वारों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।


No comments:
Post a Comment