दशहरा पर मेरठ में शाम पांच बजे से बदलेगा ट्रैफिक, 36 स्थानों पर पुलिस तैनात
दिल्ली रोड, जेल चुंगी और सूरजकुंड के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रोक; रोडवेज बसों के लिए तय किए वैकल्पिक मार्ग, मेलों की समाप्ति तक लागू रहेगा डायवर्जन
मेरठ। विजयदशमी पर मंगलवार को शहर में दशहरा मेलों और रावण दहन के कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शाम पांच बजे से मेलों की समाप्ति तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली रोड, जेल चुंगी, सूरजकुंड और भैंसाली मैदान के आसपास कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, सुरक्षा के लिए 36 स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में मेला लगने के कारण बागपत तिराहे से शॉप्रिक्स मॉल तिराहे तक हल्के और भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वाहन बिजली बंबा बाईपास और बागपत तिराहे से बागपत रोड होकर निकल सकेंगे। ब्रह्मपुरी चौराहे और शारदा रोड से दिल्ली चुंगी की ओर आने वाले वाहनों को रामलीला मैदान की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें दिल्ली चुंगी से बागपत तिराहे और मलियाना पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रोडवेज बसों के लिए तय किए वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली की ओर से आने वाली रोडवेज बसें परतापुर इंटरचेंज से एक्सप्रेसवे, मोदीपुरम, जीरो माइल और बेगमपुल होते हुए भैंसाली बस अड्डे पहुंचेंगी। हरिद्वार और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली बसें मोदीपुरम और टैंक चौराहे से जीरो माइल व बेगमपुल होकर बस अड्डे तक आएंगी।
बिजनौर से आने वाली बसें साकेत चौराहे से जीरो माइल और बेगमपुल होते हुए भैंसाली बस अड्डे पहुंचेंगी। वापसी में भी निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें हापुड़, गढ़ और मुरादाबाद जाना है, मोदीपुरम फ्लाईओवर से सरधना फ्लाईओवर, परतापुर इंटरचेंज, मोहिउद्दीनपुर और खरखौदा मोड़ होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
जेल चुंगी और विश्वविद्यालय रोड पर भी पाबंदी
जेल चुंगी पर मेला लगने के कारण डिग्गी तिराहे से तेजगढ़ी चौराहे और कमिश्नर आवास चौराहे के बीच भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। विश्वविद्यालय रोड से जेल चुंगी की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को किला रोड की ओर भेजा जाएगा। एलआईसी कट से आने वाले वाहनों को इमली तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
गढ़ और मुरादाबाद की ओर से मुजफ्फरनगर तथा रुड़की जाने वाली बसें डिग्गी तिराहे से डायवर्ट होकर तेजगढ़ी चौराहा, हापुड़ अड्डा, बेगमपुल और जीरो माइल के रास्ते आगे जाएंगी।
सूरजकुंड और भैंसाली मैदान के रास्ते रहेंगे बंद
सूरजकुंड पार्क में मेला लगने के कारण गांधी आश्रम चौराहे, सीताराम पुलिया और सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट नाले की पुलिया से सूरजकुंड मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
भैंसाली मैदान में मेला होने के कारण जली कोठी, महताब तिराहे, सीएवी स्कूल की सदर थाना वाली साइड और गुरु तेग बहादुर स्कूल की ओर से मैदान तक वाहन नहीं जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
36 स्थानों पर पुलिस की तैनाती, सोशल मीडिया पर नजर
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने रेंज के सभी एसएसपी को रामलीला और रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। मेरठ में 36 स्थानों पर मेले और रामलीला का आयोजन हो रहा है।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर नजर रखने के साथ त्वरित प्रतिक्रिया दल भी तैयार किए गए हैं। अधिकारियों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


No comments:
Post a Comment