ग्वालियर में बेकाबू ट्रक ने मचाया मौत का तांडव, 13 की मौत, 33 घायल

शीतला माता मंदिर रोड पर श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ दीवार से टकराया ट्रक, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। शीतला माता मंदिर रोड पर तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार ढह गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रात करीब एक बजे हुआ। ट्रक तेज रफ्तार में अचानक आया और रास्ते में मौजूद लोगों व कई दुकानों को चपेट में लेता चला गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था। हादसे में उसके भाई को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

ट्रक की टक्कर से मंदिर की बाहरी दीवार गिरने के बाद मलबे में 40 से 50 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

कई घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल 33 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायलों के पहुंचने पर अस्पतालों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों की टीमें उपचार में जुटी हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं। अस्पताल के डॉक्टर सुधीर सक्सेना के मुताबिक, उनके अस्पताल में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। चार से पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts