आईसीआईसीआई लाइफ के मुनाफे में 26.5% की बढ़ोतरी

पहली छमाही में 760 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ, नया कारोबार प्रीमियम 25% बढ़कर 11,821 करोड़ रुपये पहुंचा

मेरठ। आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए कर पश्चात लाभ (पीएटी) में सालाना आधार पर 26.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 760 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, नए कारोबार का प्रीमियम 25 प्रतिशत बढ़कर 11,821 करोड़ रुपये पहुंच गया।

कंपनी के व्यक्तिगत सुरक्षा बीमा कारोबार में सालाना आधार पर 47.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पेंशन और नियमित आय देने वाली वार्षिकी योजनाओं के कारोबार में 50 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया। इसके परिणामस्वरूप व्यक्तिगत बीमा का कुल बीमित मूल्य 34.9 प्रतिशत बढ़कर 2.32 लाख करोड़ रुपये हो गया।

पहली छमाही में नए कारोबार का मूल्य (वीएनबी) 22.3 प्रतिशत बढ़कर 1,283 करोड़ रुपये रहा, जबकि वीएनबी मार्जिन 26 प्रतिशत दर्ज किया गया। कंपनी के अनुसार, सुरक्षा बीमा और वार्षिकी योजनाएं उसकी दीर्घकालिक व्यावसायिक रणनीति के प्रमुख हिस्से हैं।

आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) सिद्धार्थ मिश्रा ने कहा कि ग्राहकों को प्राथमिकता देना कंपनी के कामकाज का मूल सिद्धांत है। विविध वितरण नेटवर्क, ग्राहक-केंद्रित उत्पादों, बेहतर बिक्री एवं सेवा व्यवस्था और मजबूत जोखिम व पूंजी प्रबंधन के जरिए कंपनी बाजार में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का प्रयास कर रही है। कंपनी का लक्ष्य कारोबार, मुनाफे और जोखिम प्रबंधन के बीच संतुलन बनाते हुए नए कारोबार के मूल्य में निरंतर और टिकाऊ वृद्धि हासिल करना है।

99.3 प्रतिशत रहा दावा निपटान अनुपात

कंपनी का दावा निपटान अनुपात पहली छमाही में 99.3 प्रतिशत रहा। जिन दावों में जांच की आवश्यकता नहीं थी, उनका निपटान औसतन 1.1 दिन में किया गया। इस अवधि में कंपनी ने 2,627 करोड़ रुपये के मृत्यु दावों का भुगतान किया, जबकि परिपक्वता और उत्तरजीविता लाभ के रूप में 8,634 करोड़ रुपये वितरित किए।

पॉलिसी जारी करने की प्रक्रिया में तेजी

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी ने 54 प्रतिशत बचत बीमा पॉलिसियां आवेदन वाले दिन ही जारी कीं। जीएसटी को छोड़कर प्रीमियम के मुकाबले लागत का अनुपात सालाना आधार पर 30 आधार अंक घटकर 18.3 प्रतिशत रह गया। बचत बीमा कारोबार में यह अनुपात 90 आधार अंक घटकर 11.6 प्रतिशत पर आ गया।

कंपनी ने अपने 25 वर्षों के सफर को महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि इस दौरान उसने 20 करोड़ से अधिक भारतीयों के सपनों और वित्तीय भविष्य को सुरक्षित करने में योगदान दिया है। कंपनी ने आगे भी ग्राहकों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts