मेटलाइफ ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर बना महिलाओं के लिए भारत के सर्वश्रेष्ठ कार्यस्थलों में शामिल
ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया ने ‘इंडियाज बेस्ट वर्कप्लेसेज फॉर वीमेन 2026’ के लिए किया चयन, महिला नेतृत्व और समावेशी कार्यसंस्कृति को मिला सम्मान
नोएडा। मेटलाइफ ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (एमजीसीसी) को ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया ने ‘इंडियाज बेस्ट वर्कप्लेसेज फॉर वीमेन 2026’ के लिए चुना है। यह सम्मान कार्यस्थल पर विश्वास, समावेशन, निरंतर सीखने और कर्मचारियों को प्राथमिकता देने वाली संस्कृति के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एमजीसीसी में महिलाएं अपनी विशेषज्ञता, व्यापक दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनकी भागीदारी न केवल संगठनात्मक विकास को गति देती है, बल्कि सामूहिक कार्यसंस्कृति को भी मजबूत बनाती है।
एमजीसीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष के. श्रीवास्तव ने कहा कि संस्थान ऐसा कार्यस्थल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां महिलाओं को आगे बढ़ने, नेतृत्व करने और महत्वपूर्ण बदलाव लाने के समान अवसर मिलें। महिलाओं का अनुभव, विशेषज्ञता और नेतृत्व संगठन को लगातार मजबूत बना रहा है। यह सम्मान ऐसी संस्कृति के निर्माण के प्रयासों की पुष्टि करता है, जहां कर्मचारियों को विकास के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर मिलते हैं।
ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया के सीईओ बलबीर सिंह ने कहा कि भारत के कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग एक चौथाई है। संस्था के शोध के अनुसार, व्यक्तिगत भूमिकाओं में महिलाओं की हिस्सेदारी 28 प्रतिशत है, जबकि मध्य प्रबंधन स्तर पर यह घटकर 17 प्रतिशत रह जाती है। ऐसे में महिलाओं के करियर में निरंतरता बनाए रखने, उन्हें प्रोत्साहन देने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संगठनों को महिलाओं की क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने के लिए करियर के अवसरों, कार्यस्थल की संस्कृति और नेतृत्व संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक समावेशी बनाना होगा। इससे महिलाएं निजी और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाते हुए अपने करियर में आगे बढ़ सकेंगी।
ग्रेट प्लेस टू वर्क तीन दशकों से अधिक समय से विभिन्न संगठनों में कर्मचारियों के अनुभव और कार्यस्थल की संस्कृति का अध्ययन कर रही है। संस्था के अनुसार, हर साल 150 से अधिक देशों के 10 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी मूल्यांकन और कार्यस्थल संस्कृति में सुधार की प्रक्रिया में भाग लेते हैं।
भारत में इस वर्ष कठोर मूल्यांकन के आधार पर 200 संगठनों को ‘इंडियाज बेस्ट वर्कप्लेसेज फॉर वीमेन 2026’ के लिए चुना गया है। इन संगठनों का चयन कर्मचारियों के लिए प्रभावी नीतियों, विश्वास आधारित कार्यसंस्कृति और कर्मचारियों के सुझावों पर कार्रवाई जैसे मानकों के आधार पर किया गया है।


No comments:
Post a Comment