आखिरी निशाने में पलटी बाजी, मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड; अवनि लेखरा को सिल्वर

एशियन पैरा गेम्स में भारतीय निशानेबाजों का शानदार आगाज, मोना ने 250.0 अंक के साथ बनाया रिकॉर्ड; भारत को लॉस एंजिलिस पैरालंपिक का दूसरा कोटा भी मिला

नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स में भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने हमवतन और दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा को महज 0.4 अंक से पीछे छोड़कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अवनि को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि दक्षिण कोरिया की युनरी ली ने कांस्य पदक जीता। भारतीय खिलाड़ियों के पहले और दूसरे स्थान पर रहने से देश को प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत मिली।

छठे स्थान से वापसी कर जीता स्वर्ण

फाइनल मुकाबले में मोना अग्रवाल ने दबाव के बीच दमदार वापसी की। एक समय वह छठे स्थान पर थीं, जबकि अवनि लेखरा लगातार बढ़त बनाए हुए थीं। निर्णायक शॉट से पहले अवनि के 239.2 अंक थे, जबकि मोना 239.1 अंक के साथ उनसे 0.1 अंक पीछे थीं। आखिरी निशाने पर मोना ने 10.8 अंक हासिल किए, जबकि अवनि 10.5 अंक ही जुटा सकीं। इसी के साथ मोना ने 250.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया। अवनि ने 249.6 अंक हासिल किए।

क्वालिफिकेशन में भी बनाया रिकॉर्ड

फाइनल से पहले मोना ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 629.1 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया और एशियन पैरा गेम्स का क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड बनाया। अवनि लेखरा 626.4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं। हालांकि, फाइनल की शुरुआत में अवनि ने बढ़त बना ली थी। शुरुआती पांच शॉट के बाद वह 53.2 अंक के साथ आगे थीं, जबकि मोना छठे स्थान पर थीं। एलिमिनेशन राउंड में मोना ने लगातार बेहतर निशाने लगाकर मुकाबले का रुख बदल दिया।

दो बच्चों की मां हैं मोना

38 वर्षीय मोना अग्रवाल के लिए यह जीत खास रही। वह दो बच्चों की मां हैं और पेरिस पैरालंपिक-2024 में भी कांस्य पदक जीत चुकी हैं। एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

लॉस एंजिलिस पैरालंपिक के लिए दूसरा कोटा

मोना की जीत से भारत को 2028 लॉस एंजिलिस पैरालंपिक के लिए महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 स्पर्धा में दूसरा कोटा स्थान भी मिला। मोना पिछले महीने दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर एक कोटा हासिल कर चुकी थीं। एशियन पैरा गेम्स में अवनि के प्रदर्शन से भारत के लिए इस स्पर्धा का दूसरा कोटा सुनिश्चित हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts