दिनदहाड़े महिला को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर एक लाख नकदी और जेवर लूटे
किठौर के नित्यानंदपुर गांव में तीन-चार नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, एसपी देहात और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र के नित्यानंदपुर गांव में सोमवार दोपहर नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर महिला को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाश घर में रखे एक लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही एसपी देहात, सीओ किठौर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घंटी बजाकर खुलवाया गेट, तमंचे के बल पर बनाया बंधक
नित्यानंदपुर गांव निवासी गुड्डू सोमवार सुबह अपने फार्म पर गए थे। घर पर उनकी पत्नी मुकेश कुमारी मौजूद थीं, जबकि उनकी मां अंगूरी और बहन स्वाति जंगल गई हुई थीं। पीड़िता के अनुसार, दोपहर में तीन-चार नकाबपोश बदमाश घर पहुंचे और दरवाजे की घंटी बजाई। महिला ने जैसे ही गेट खोला, बदमाश तमंचा दिखाकर उन्हें बंधक बनाते हुए घर के अंदर ले गए।
इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे एक लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। महिला ने विरोध किया तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, पुलिस में मचा हड़कंप
बदमाशों के जाने के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी गुड्डू और थाना पुलिस को दी। दिनदहाड़े घर में लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूचना पर एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ किठौर विश्व ज्योति राय, थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़िता और उसके परिवार से घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर से लेकर आसपास की सड़कों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
दो टीमें गठित, आरोपियों की तलाश जारी
पीड़िता के पति गुड्डू ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि महिला के साथ लूट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment