कृषि विश्वविद्यालय में डांडिया-गरबा उत्सव ने बांधा समां

नवरात्र पर गांधी हॉल में पहली बार हुआ आयोजन, कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नवरात्र के अवसर पर डांडिया और गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। गांधी हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष आरती और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी को नवरात्र और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए उत्सव को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

पारंपरिक वेशभूषा में छात्राओं ने किया गरबा

डांडिया नाइट में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा और डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लेकर भारतीय संस्कृति की विविधता और रंगों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विश्वविद्यालय की महिला संकाय सदस्यों ने भी छात्राओं के साथ डांडिया नृत्य में सहभागिता की।

सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर

कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जुड़ने और विभिन्न संस्कृतियों को समझने का अवसर देते हैं। ऐसे कार्यक्रम आपसी मेलजोल, सहयोग और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक विविधता और विद्यार्थी जीवन के उल्लास को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. वीपी सिंह, छात्रा कल्याण अधिष्ठाता डॉ. रश्मि सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts