CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ी

पुलिस ने पांच दिन की हिरासत बढ़ाने की मांग की थी, जंतर-मंतर पर बिना अनुमति पहुंचने के आरोप में 13 अक्टूबर को हुई थी एहतियातन गिरफ्तारी

नई दिल्ली, एजेंसी। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन और बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने दोनों की हिरासत पांच दिन बढ़ाने की मांग की थी। सोमवार को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) कोर्ट ने सुनवाई के बाद दो दिन की हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया।

दोनों नेताओं की रिहाई के लिए अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। इससे पहले कोर्ट ने हिरासत बढ़ाने की मांग पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।

13 अक्टूबर को हुई थी गिरफ्तारी

सौरव दास और आशुतोष रांका को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में एहतियातन हिरासत में लिया गया था। इसके बाद दोनों को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, उस दिन सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे और पार्टी के 11 अन्य सदस्य एक निजी परिसर के रास्ते जंतर-मंतर पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर उनके काम में बाधा डाली। पुलिस ने कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें से दास, रांका और शिंदे को सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका और कानून उल्लंघन के आरोपों के मद्देनजर एहतियातन गिरफ्तार किया गया था। अजिंक्य शिंदे को शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार की शर्त पर जमानत मिल गई थी।

मजिस्ट्रेट को धमकी देने का आरोप

इस मामले में जमानत पर सुनवाई के दौरान एक मजिस्ट्रेट को कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की थी।

सीजेपी ने आरोप लगाया है कि उसके दोनों नेताओं की रिहाई में देरी की जा रही है और जमानत से जुड़े चार जमानतदारों की गारंटी अस्पष्ट कारणों से खारिज कर दी गई। पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक, विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने उन्हें धमकी भरा संदेश मिलने की जानकारी दी थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts