अक्टूबर के पहले पखवाड़े में बारिश, अब सर्दी की दस्तक; पहाड़ों की बर्फबारी से यूपी-दिल्ली में बढ़ेगी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में एक सप्ताह बारिश के आसार नहीं, सुबह-शाम महसूस होगी गुलाबी ठंड; अक्टूबर के अंत तक गिर सकता है पारा
नई दिल्ली, एजेंसी। अक्टूबर के पहले 15 दिनों में बारिश से तर-बतर रहे उत्तर भारत में अब सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। मानसून की विदाई और पश्चिमी विक्षोभ से होने वाली बारिश का दौर थमने के बाद दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों के तापमान पर भी दिखने लगा है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप के कारण मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है। अक्टूबर के अंतिम दिनों में तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है।
दिल्ली में 18 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार, 18 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 19 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया गया।
18 से 24 अक्टूबर तक उत्तर भारत में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड का असर बना रह सकता है।
पहाड़ों में बर्फबारी, पर्यटकों की बढ़ी हलचल
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी और हल्की बारिश की खबर है। हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुफरी, मनाली और लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का असर दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और पौड़ी के पहाड़ी इलाकों में भी हिमपात हुआ है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, अनंतनाग, बडगाम और पुलवामा के कुछ क्षेत्रों में भी बर्फबारी की सूचना है।
पहाड़ों पर मौसम में आए इस बदलाव से पर्यटन स्थलों पर हलचल बढ़ी है। वहीं, समय पर बर्फबारी होने से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कड़ाके की ठंड के लिए करना पड़ सकता है इंतजार
मौसम संबंधी अनुमान के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार और राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री ऊपर रह सकता है। ऐसे में फिलहाल सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास होगा, जबकि कड़ाके की सर्दी के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
बारिश कम हुई तो प्रदूषण बढ़ा सकता है परेशानी
सर्दियों में बारिश कम होने और हवा की रफ्तार धीमी पड़ने पर दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण लंबे समय तक बना रह सकता है। मौसम में स्थिरता के कारण प्रदूषक तत्व हवा में जमा हो सकते हैं। रिपोर्ट में अल नीनो के प्रभाव से पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों में कमी आने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, आने वाले दिनों में ठंड और बारिश की वास्तविक स्थिति मौसम प्रणालियों में होने वाले बदलावों पर निर्भर करेगी।


No comments:
Post a Comment