छह साल की तपस्या, 17.88 मीटर का वार… मेरठ के आयुष ने एशिया में गाड़ा तिरंगा
संघर्ष को सलाम! एशियन पैरा गेम्स में जैवलिन थ्रो का कांस्य जीतकर बढ़ाया देश का मान, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से रचा सफलता का नया अध्याय
मेरठ। छह साल का संघर्ष, लगातार अभ्यास और देश के लिए पदक जीतने का सपना। आखिरकार मेरठ के पैरा एथलीट आयुष वर्मा की मेहनत रंग लाई। आयुष ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो की एफ-53/54 संयुक्त स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और मेरठ का नाम रोशन किया। उन्होंने 17.88 मीटर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि आयुष ने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
सदर बाजार निवासी आयुष एफ-53 श्रेणी के पैरा एथलीट हैं। वह जैवलिन थ्रो के साथ गोला फेंक और चक्का फेंक में भी अपनी प्रतिभा दिखाते हैं। प्रतियोगिता से पहले उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16.32 मीटर था, लेकिन एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 17.88 मीटर का थ्रो किया और पदक अपने नाम कर लिया।
भावुक हुए आयुष, बोले- छह साल से कर रहा हूं प्रैक्टिस
जापान से अपनी खुशी साझा करते हुए आयुष ने कहा, "फीलिंग्स तो मिक्स हैं भैया। समझ ही नहीं आ रहा कि जो हो रहा है, वह क्या है।" उनकी बातों से छह साल की मेहनत के बाद मिली सफलता की खुशी और भावुकता साफ झलकी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना उनके लंबे संघर्ष का बड़ा पड़ाव है।
रेजा प्वाइंट्स के आधार पर मिला कांस्य
एफ-53 और एफ-54 श्रेणी के खिलाड़ियों की संयुक्त स्पर्धा में पदकों का निर्धारण रजा प्वाइंट्स प्रणाली के आधार पर किया गया। इसमें खिलाड़ियों की दिव्यांगता श्रेणी के अनुसार उनके प्रदर्शन का तुलनात्मक आकलन किया जाता है। ईरान के इरफान बंदोरी ने 30.24 मीटर के गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया। आयुष ने तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रीति पाल और अनुभव चौधरी पर भी निगाहें
आयुष की पदक जीत के बाद मेरठ के खेल प्रेमियों की उम्मीदें अब जिले के अन्य पैरा एथलीटों से भी बढ़ गई हैं। गंगानगर निवासी प्रीति पाल टी-35 श्रेणी में 100 और 200 मीटर दौड़ में चुनौती पेश करेंगी। वह पेरिस पैरालंपिक-2024 में दो कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वहीं, छुर गांव निवासी अनुभव चौधरी टी-36 श्रेणी में 100 और 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे।
जिला पैरा खेल संघ के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। आयुष की उपलब्धि ने मेरठ के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ा दी है। उनका संघर्ष और सफलता उन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो चुनौतियों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment