मवाना में मकान में आग लगने से युवक की जिंदा जलकर मौत
तड़के प्रथम तल पर लगी आग, दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू कर युवक को निकाला; पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में आग लगाने की बात सामने आई
मेरठ। मवाना के मोहल्ला काबली गेट स्थित वाल्मीकि गली में मंगलवार तड़के एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मकान के अंदर फंसे युवक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3:22 बजे पुलिस को मकान में आग लगने की सूचना मिली। मवाना फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उस समय मकान के प्रथम तल पर आग तेजी से फैल रही थी। स्थानीय लोगों ने दमकलकर्मियों को बताया कि अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाया गया।
पुलिस और दमकलकर्मियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस से नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आशु (30) पुत्र सुदेश, निवासी मवाना के रूप में हुई है।
पारिवारिक विवाद के बाद आग लगाने की बात आई सामने
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते आशु ने कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में मकान में आग लगा ली थी। हालांकि, मामले की जांच जारी है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मेरठ के निर्देशन में दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


No comments:
Post a Comment