खरखौदा बाईपास पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत
हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल, टक्कर के बाद तीन बार पलटी ईको कार; चालक का हाथ कटकर अलग हुआ
मेरठ। खरखौदा बाईपास पर मंगलवार को ईको और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ईको कार तीन बार पलट गई, जबकि उसके चालक का हाथ कटकर अलग हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग किठौर क्षेत्र के गांव जेई के निवासी थे, जो भावनपुर थाना क्षेत्र में आता है। दुर्घटना में इसरत, मोमिन और शाहब की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुल तीन घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


No comments:
Post a Comment