झांसी में दो करोड़ की नकली सिगरेट फैक्ट्री पकड़ी, तीन मशीनें बरामद

नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर चल रहा था अवैध कारोबार, 81 बोरे तंबाकू और पैकेजिंग सामग्री जब्त; 63 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

झांसी, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। नवाबाद थाना क्षेत्र के गुमनावारा-पिछोर स्थित महाराणा प्रताप नगर में एक गोदाम पर छापा मारकर करीब दो करोड़ रुपये का नकली सामान बरामद किया गया। मौके से सिगरेट बनाने वाली तीन मशीनें, भारी मात्रा में तंबाकू और नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने मामले में 63 वर्षीय आरोपी श्रीनिवास मिश्रा को गिरफ्तार किया है।

आईटीसी की शिकायत पर हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, आईटीसी कंपनी की टीम ने शिकायत की थी कि उसके लोकप्रिय ब्रांडों के नाम का दुरुपयोग कर बाजार में नकली सिगरेट बेची जा रही हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस और कंपनी की टीम ने गोदाम व फैक्ट्री में छापेमारी की। वहां तीन बड़ी मशीनों से सिगरेट तैयार की जा रही थीं। शुरुआती जांच में सिगरेट और पैकेजिंग सामग्री नकली पाई गई।

81 बोरे तंबाकू और ब्रांडेड पैकेट बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को तंबाकू के 81 बड़े बोरे, सिगरेट के रैपर, खाली पैकेट, फिल्टर रोल और गोल्ड फ्लेक, विल्स फ्लेक व रॉयल स्कट जैसे ब्रांडों के नाम वाली पैकेजिंग सामग्री मिली। कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों ने सामग्री की जांच कर उसे नकली बताया। पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी है।

फैक्ट्री सील, नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में बरामद सामान जब्त कर गोदाम और फैक्ट्री को सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट कहां-कहां सप्लाई की जा रही थीं और इस कारोबार में आरोपी के अलावा अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts