फुटबॉल मैच से पहले 170 फीट की ऊंचाई से गिरकर अमेरिकी एयरफोर्स जवान की मौत

अलामोडोम स्टेडियम में फास्ट-रोपिंग प्रदर्शन के दौरान हादसा, 23 हजार से अधिक दर्शक थे मौजूद; अस्पताल में तोड़ा दम

सैन एंटोनियो, एजेंसी। अमेरिका के टेक्सास स्थित सैन एंटोनियो के अलामोडोम स्टेडियम में फुटबॉल मैच से पहले सैन्य प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फास्ट-रोपिंग प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे अमेरिकी वायुसेना के टेक्निकल सार्जेंट इयान पैटरसन करीब 170 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता देकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के समय स्टेडियम में 23 हजार से अधिक दर्शक मौजूद थे।

रस्सी के सहारे उतरते समय हुआ हादसा

यह हादसा शनिवार को यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट सैन एंटोनियो (यूटीएसए) और अमेरिकी नौसेना की टीम के बीच फुटबॉल मैच से पहले हुआ। सशस्त्र बलों और पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित ‘सैल्यूट टू आर्म्ड फोर्सेज एंड वेटरन्स’ कार्यक्रम के तहत सैन्यकर्मी फास्ट-रोपिंग का प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान इयान पैटरसन रस्सी के सहारे नीचे उतरते समय नियंत्रण खो बैठे और नीचे गिर गए।

पैटरसन छठी कॉम्बैट ट्रेनिंग स्क्वाड्रन की डिटैचमेंट-2 इकाई में तैनात थे। वह टैक्टिकल एयर कंट्रोल पार्टी प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। नेलिस एयरफोर्स बेस के अनुसार, वह मूल रूप से जॉर्जिया के फोर्ट स्टीवर्ट के रहने वाले थे और अमेरिकी वायुसेना में 15 साल तक सेवा दे चुके थे।

मैदान पर करीब 10 मिनट तक चला उपचार

हादसे के तुरंत बाद मैदान पर ही जवान को करीब 10 मिनट तक चिकित्सा सहायता दी गई। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद स्टेडियम में सन्नाटा छा गया और बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति रोक दी। जवान को अस्पताल ले जाने के दौरान मैदान पर मौजूद कर्मचारियों ने उनके चारों ओर घेरा बना लिया था।

23 हजार से अधिक दर्शकों के सामने हुआ हादसा

अलामोडोम स्टेडियम की छत जमीन से करीब 170 फीट ऊंची है। यूटीएसए और नेवी के बीच मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में लगभग 23,297 दर्शक मौजूद थे। फास्ट-रोपिंग सैन्य प्रशिक्षण की एक तकनीक है, जिसमें जवान हेलीकॉप्टर या ऊंचे स्थान से रस्सी के सहारे तेजी से नीचे उतरते हैं।

हादसे के बावजूद जारी रहा मैच

घटना के बावजूद यूटीएसए रोडरनर्स और नेवी मिडशिपमेन के बीच फुटबॉल मुकाबला जारी रहा। यूटीएसए ने नेवी को 38-34 से हराया। अमेरिकन कॉन्फ्रेंस ने जवान की मौत पर शोक जताते हुए उनके परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts