मेरठ बस डिपो में स्वास्थ्य शिविर, एचआईवी समेत कई गंभीर संक्रमणों की हुई जांच
चालक-परिचालकों और कर्मचारियों को आई-स्कैन की दी जानकारी, समय पर जांच और उपचार के लिए किया जागरूक
मेरठ। सघन जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को मेरठ बस डिपो में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बस चालक, परिचालक, हेल्पर और अन्य कर्मचारियों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला क्षय रोग अधिकारी, मेरठ और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मेरठ बस डिपो ने संयुक्त रूप से रेड रिबन काटकर किया।
शिविर के दौरान उपस्थित कर्मचारियों और अन्य लोगों की एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही आंखों की भी जांच की गई। जांच के बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर आवश्यक परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
आई-स्कैन के उपयोग की दी जानकारी
स्वास्थ्य शिविर में बस चालक, परिचालक, हेल्पर और अन्य कर्मचारियों को I-SCAN/ओ-स्कैन के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इसके माध्यम से एचआईवी से संबंधित संभावित जोखिम का आकलन किया जा सकता है। कर्मचारियों को किसी भी तरह का जोखिम होने पर जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर समय से उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
समय पर जांच और उपचार पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि एचआईवी और अन्य यौन संचारित संक्रमणों को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। समय पर जांच होने से संक्रमण की स्थिति का पता लगाया जा सकता है और जरूरत के अनुसार उपचार शुरू किया जा सकता है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी तरह की आशंका होने पर जांच कराने और विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य एचआईवी एवं अन्य यौन संचारित संक्रमणों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

No comments:
Post a Comment