प्रेमी संग पति की हत्या का कबूलनामा: पत्नी बोली- मैंने पैर पकड़े, दोस्त ने हाथ और अमन ने दबाया गला

हार्ट अटैक बताकर दफना दिया था शव, गर्दन पर चोट के निशान मिलने से खुला राज; कब्र से निकलवाकर आज होगा पोस्टमार्टम

मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में राजमिस्त्री तालिब की मौत के मामले में उसकी पत्नी इलमा के कथित कबूलनामे से हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि इलमा ने प्रेमी अमन और उसके दोस्त के साथ मिलकर तालिब की हत्या की और मौत को हार्ट अटैक बताकर शव मुजफ्फरनगर के पैतृक गांव में दफना दिया। परिजनों ने इलमा के कबूलनामे का वीडियो पुलिस को सौंपा है।

परिजनों के अनुसार 28 सितंबर की रात करीब आठ बजे पड़ोसी इनाम ने सूचना दी कि तालिब की मौत हो गई है। घर पहुंचने पर शव पूरी तरह ढका हुआ था। अगले दिन शव को मुजफ्फरनगर के रसूलपुर दभेड़ी गांव ले जाकर दफना दिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों ने तालिब की गर्दन समेत शरीर पर चोट के निशान देखे तो उन्हें शक हुआ।

मोबाइल से सामने आया प्रेम संबंध

रिश्तेदारों के मेरठ लौटने पर पड़ोसी इनाम ने बताया कि उसने इलमा को फतेहउल्लापुर रोड स्थित ब्यूटी स्टूडियो संचालक अमन के साथ कई बार आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। एक अक्तूबर को परिजनों ने इलमा से तालिब का मोबाइल मांगा, लेकिन उसने फोन नहीं दिया। अगले दिन तलाशी में मोबाइल कपड़ों में छिपा मिला। परिजनों ने मोबाइल की कॉल डिटेल और अमन-इलमा के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग जांची, जिसके बाद दोनों के संबंधों का शक गहरा गया।

बोली- तालिब ने पीटा तो अमन को बुलाया

परिजनों की सख्ती से पूछताछ में इलमा ने कथित तौर पर बताया कि 28 सितंबर को काम से लौटने के बाद तालिब ने उसके साथ मारपीट की और सिर दीवार पर मार दिया। इसके बाद उसने अमन को फोन कर बुलाया। अमन अपने दोस्त के साथ घर पहुंचा। इलमा के मुताबिक तीनों ने तालिब के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर गिरा दिया। उसने तालिब के पैर पकड़ लिए, जबकि अमन के दोस्त ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद अमन ने कथित तौर पर इलमा के दुपट्टे से तालिब का गला दबा दिया। इलमा ने यह भी कहा कि वह अमन के बहकावे में आ गई थी और अमन ने बाद में शादी करने का भरोसा दिया था।

आज कब्र से निकलेगा शव

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस को इलमा के कथित कबूलनामे का वीडियो भी मिला है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। प्रशासन की अनुमति के बाद तालिब के शव को मंगलवार को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts