एनएच-34 पर तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, चालक समेत तीन घायल
बहचौला फ्लाईओवर पर हादसा, ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
मेरठ। एनएच-34 के बहचौला फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गंगानगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालक सैनी गांव से सवारियां लेकर सर्विस रोड के रास्ते मेरठ की ओर जा रहा था। बहचौला फ्लाईओवर पर जैसे ही ई-रिक्शा हाईवे पर चढ़ा, तभी रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक समेत सवारियां घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment