आरक्षी भर्ती परीक्षा: दूसरे दिन पांच अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ी, 840 ने लगाई दौड़; 47 रहे अनुपस्थित

मेरठ। यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को 840 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया, जबकि 47 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इनमें 39 महिला अभ्यर्थी भी शामिल थीं। दौड़ के दौरान पांच अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को तत्काल मोदीपुरम स्थित एचडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पहले दिन भी 10 अभ्यर्थियों की बिगड़ी थी हालत

आरक्षी भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा सोमवार से शुरू हुई है। पहले दिन 828 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई, जबकि 47 अनुपस्थित रहे थे। दौड़ के दौरान 10 अभ्यर्थियों की तबीयत खराब हो गई थी। इनमें सात को मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल और तीन को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।

एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती गौतमबुद्धनगर के प्रिंस और बागपत के सुमित डांगी के पैर में फ्रैक्चर बताया गया था। हालांकि, सभी बीमार अभ्यर्थियों की हालत खतरे से बाहर बताई गई थी।

गर्मी से बचने के लिए सुबह कराई जा रही परीक्षा

अभ्यर्थियों को गर्मी और धूप से बचाने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा सुबह के समय कराई जा रही है। पहले दिन परीक्षा प्रक्रिया सुबह 4:48 बजे शुरू हुई थी। अभ्यर्थियों की दौड़ सुबह 5:59 बजे शुरू हुई और पूरी प्रक्रिया 8:21 बजे संपन्न हुई।

दूसरे दिन तबीयत बिगड़ने वाले पांच अभ्यर्थियों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts